किसान आंदोलन: 6 अप्रैल को पूरे देश से आई मिट्टी शहीदों को समर्पित की जाएगी


124वां दिन, 30 मार्च 2021

पटियाला के थापर यूनिवर्सिटी चौक पर एक दुखद दुर्घटना में सरदार इंदरजीत सिंह की मृत्यु हो गयी व कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये लोग किसान आन्दोलन के बारे में अन्य लोगों को जागरूक कर रहे थे। किसान नेताओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ड्राइवर प्रितपाल सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजा जाए। किसान संगठनों के विभिन्न नेताओं/प्रवक्ताओं ने मांग की कि सरदार इंद्रजीत सिंह को किसान आंदोलन का शहीद मानते हुए, उनके परिवार को पंजाब सरकार व केंद्र सरकार द्वारा तय मुआवजा दिया जाना चाहिए, प्रशासन को चाहिए कि वह घायल व्यक्तियों को अपनी लागत पर पूरा इलाज करवाए। सभी घायलों की पहचान की जानी चाहिए और सभी परिवारों की सहायता की जानी चाहिए।

जनांदोलनों का राष्ट्रीय समन्वय NAPM द्वारा मिट्टी सत्याग्रह आयोजित किया जा रहा है। आज तक, 320 से ज्यादा किसानों ने इस आंदोलन में शहादत दी है इसके बावजूद यह आंदोलन अहिंसक सत्याग्रह के साथ सरकार की आक्रामकता और दमन का सामना कर रहा है व आंदोलन का विस्तार जारी है। इस आंदोलन की जड़ें भारत के स्वतंत्रता संग्राम के साथ जुड़ी हैं। 1919 में आए रॉलेक्ट एक्ट को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे हजारों बेकसूरों पर जालियांवाला बाग में ब्रिटिश हुकूमत ने गोलियाँ चलाईं। पूरा देश आक्रोश से भर गया। इसी दौर में गांधीजी ने “असहयोग आंदोलन” का नारा देकर इस बेरहम हुकूमत के कानूनों का सहयोग ना करने का आह्वान किया। असहयोग आंदोलन में सत्याग्रह की प्रेरणा हमें ऊर्जा प्रदान कर रही है।

कृषि, किसानों, खाद्य सुरक्षा को बचाने के लिए आज नमक नहीं, मिट्टी की जरूरत है। इस उद्देश्य से युवाओं ने शिद्दत के साथ “मिट्टी सत्याग्रह’ का आयोजन किया है। इस सत्याग्रह के माध्यम से गाँव की सड़कों पर पहुँचना देश के जल, जंगल, जमीन, प्राकृतिक संसाधनों और साथ ही आजीविका को बचाने की कोशिश की जा रही है। यह माँग लोकतंत्र और संविधान के मूल्यवान ढांचे को बचाने के लिए भी है। जाति-धर्म-दुर्भाव के माध्यम से भी हो रहे अत्याचारों को नकारकर समानता का आह्वान करना आवश्यक है। विभिन्न राज्यों में विभिन्न संगठन विभिन्न रूप से कार्यक्रमों का समन्वय कर रहे हैं। वे गाँव के प्रमुख ऐतिहासिक स्थानों, आज़ादी के नायकों की प्रतिमाओं और संघर्ष के प्रतीकों से एक मुट्ठी मिट्टी कलश में इकट्ठा करेंगे और लोगों से संवाद करेंगे।

मिट्टी सत्याग्रह यात्रा विकेन्द्रित रूप में 12 मार्च से 28 मार्च तक देश के कई राज्यों में जैसे महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, असम और पंजाब में जनसंवाद अभियान चला रही है। मिट्टी सत्याग्रह यात्रा 30 मार्च को दांडी से शुरू होकर गुजरात के अन्य जिलों से होकर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई जिलों से होकर 5 अप्रैल की सुबह 9 बजे शाहजहाँपुर बॉर्डर पहुँचेगी। यात्रा के आखिरी दौर में पूरे देश की विकेन्द्रित यात्राएँ किसान बॉर्डर पर अपने राज्य के मिट्टी कलश के साथ यात्रा में शामिल होंगी। शाहजहाँपुर बॉर्डर से हम टिकरी बॉर्डर जाएँगे। अप्रैल 6 की सुबह 9 बजे हम सिंघु बॉर्डर और शाम 4 बजे हम गाजीपुर बॉर्डर पहुँचेंगे। बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के सभी वरिष्ठ किसान साथी इस मिट्टी सत्याग्रह यात्रा का हिस्सा रहेंगे। पूरे देश से आई मिट्टी किसान आंदोलन के शहीदों को समर्पित की जाएगी। बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाए जाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों की पुनर्स्थापित करने के विचार को आगे बढ़ाने के लिए हम संकल्पित हैं।


डॉ. दर्शन पाल
संयुक्त किसान मोर्चा


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *