लखनऊ 11 नवंबर 2026। रामपुर में आतंकवाद के आरोप से बरी 65 वर्षीय शरीफ की हत्या पर रिहाई मंच ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस मुकदमे को लड़ चुके रिहाई मंच अध्यक्ष एडवोकेट मुहम्मद शुऐब ने बताया कि शरीफ के भाई शाहीन ने उन्हें बताया कि एक दिन पहले दोपहर में कई बार शरीफ को थाने बुलाने के लिए पुलिस का फोन आया, जिसके बाद साढ़े चार बजे के करीब जब वह खजुरिया थाने पहुंचे तो उनको फोन कर थाने बुलाने वाले कांस्टेबल बंटी और एसएचओ मनोज कुमार पाण्डेय दोनों ही थाने पर मौजूद नहीं मिले। तकरीबन साढ़े पांच बजे तक इंतज़ार के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि बाद में आ जाना। थाने से तकरीबन पांच सौ मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि बाइक से जा रहे शरीफ पर बाइक सवार हमलावरों ने गोली चलाई जिसमें वह मारे गए।
एडवोकेट मुहम्मद शुऐब ने सवाल किया कि जिस तरह से दबाव बनाकर शरीफ को थाने पर बुलाया गया और बुलाने वाले एसएचओ और फोन करने वाले कांस्टेबल की गैरमौजूदगी और उसके बाद थाने से चंद दूरी पर शरीफ की गोली मारकर हत्या पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाती है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के आरोप में जो व्यक्ति 17-18 साल जेल काटकर हाई कोर्ट द्वारा बरी किया गया हो उसको थाने बुलाया जाना और फिर हत्या गंभीर साजिश की तरफ इशारा करती है। आखिर में जिस एसएचओ और जिस कांस्टेबल ने उसे बुलाया वे बुलाकर थाने पर क्यों नहीं मिले और थाने से निकलने की जानकारी किसने हमलावरों को दी यह जांच का विषय है।
उन्होंने कहा कि यह सब परिस्थितियां पुलिस की घटना में संलिप्तता की ओर इशारा करती हैं जो कानून व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है, ऐसे में तत्काल घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
द्वारा –
राजीव यादव
महासचिव, रिहाई मंच
9452800752

