गरमाता UP: हाथरस जाते वक्‍त राहुल-प्रियंका गिरफ्तार, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का चौतरफा दमन


उत्‍तर प्रदेश में सियासी पारा राहुल गांधी और प्रियंका की गिरफ्तारी से अचानक चढ़ गया है। हाथरस कांड में पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय राहुल और प्रियंका को यूपी पुलिस ने दिन में पौने चार बजे के आसपास ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। उन्‍हें धारा 144 तोड़ने के आरोप में धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया है और अज्ञात स्‍थान पर ले जाया गया है।  

इस बीच राजधानी लखनऊ में मुख्‍यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर भी बर्बर लाठीचार्ज हुआ है और उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मिर्जापुर से खबर है कि कांग्रेसियों ने डीएम को घेर लिया है और नोएडा में चक्‍का जरम की स्थिति है।

लखनऊ में मुख्‍यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए दिन में एक बजे के करीब दिल्‍ली से निकले थे। उनके काफिले को ग्रेटर नोएडा में यूपी पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद बचे हुए डेढ़ सौ किलोमीटर का सफ़र उन्‍होंने समर्थकों के साथ पैदल करने का फैसला लिया।

पुलिस ने पदयात्रा को भी आगे नहीं बढ़ने दिया और कांग्रेसियों पर न सिर्फ लाठीचार्ज किया, बल्कि राहुल और प्रियंका के साथ बदसलूकी और धक्‍कामुक्‍की की।  

इस धक्‍कामुक्‍की में राहुल गांधी एक बार को जमीन पर गिर गये।

सवा तीन बजे के करीब उनकी गिरफ्तारी की ख़बर मीडिया में चली। प्रियंका गांधी के निजी सहायक संदीप सिंह ने जनपथ को बताया कि तब तक गिरफ्तारी नहीं हुई थी और झड़प के बाद भी मार्च जारी था।

पुलिस राहुल गांधी को धारा 188 के तहत गिरफ्तार करना चाहती थी। राहुल ने पुलिस से आग्रह किया कि वह उन्‍हें अकेले हाथरस जाने की मंजूरी दे, बाकी कार्यकर्ता नहीं जाएंगे। इससे धारा 144 का उल्‍ल्‍ंघन नहीं होगा। इस बारे में मीडिया को भी उन्‍होंने यही बयान दिया।

पुलिस ने उन्‍हें अकेले जाने की भी मंजूरी नहीं दी और अंतत: कार्यकर्ताओं पर बलप्रयोग कर के उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं पर बर्बर तरीके से पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।

मार्च से पहले प्रियंका गांधी ने हाथरस कांड की पीड़िता के पिता का एक बयान ट्वीट किया था जिसे नीचे देखा जा सकता है।  

प्रियंका गांधी ने हाथरस के अलावा बलरामपुर, बागपत, बुलंदशहर और आज़मगढ़ में हुई बलात्‍कार की घटनाओं पर भी ट्वीट किया था।

राहुल और प्रियंका के गिरफ्तारी के बाद भी ग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार ‘लल्‍लू’ के नेतृत्‍व में यमुना एक्‍सप्रेसवे पर ही धरना देकर बैठे हुए थे।


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *