श्री सोनम वांगचुक के अनशन का आज 17वां दिन है। इस अवसर पर भारत जोड़ो अभियान केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उठ रहे युवा आंदोलनों को अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करता है।
हम उन छात्रों, परीक्षार्थियों, नौकरी के अभ्यर्थियों और बेरोजगार युवाओं के साथ खड़े हैं, जो एक ऐसी व्यवस्था का खामियाजा भुगत रहे हैं जो पूरी तरह विफल हो चुकी है। हम उच्च शिक्षा और सार्वजनिक सेवाओं में चयन के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी परीक्षा व्यवस्था की मांग में उनके साथ हैं। हम सभी के लिए समान रूप से सुलभ, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उनकी आकांक्षा का भी समर्थन करते हैं।
युवा भारत की इस आकांक्षा को पूरा करने के लिए व्यवस्था में व्यापक सुधार आवश्यक है, जिसकी शुरुआत शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से होनी चाहिए। साथ ही, हाल के पेपर लीक, घोटालों और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार सभी प्रमुख अधिकारियों को पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह अत्यंत चिंताजनक है कि केंद्र सरकार ने जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे श्री सोनम वांगचुक और अन्य युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने की भी आवश्यकता नहीं समझी। हम कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों की गूंज द्वारा शुरू किए गए आंदोलन का समर्थन करते हैं। साथ ही AISA, AISF, IYC, KYS, NSUI और SFI सहित अन्य छात्र एवं युवा संगठनों द्वारा चलाए जा रहे सभी आंदोलनों के साथ भी अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं।
हम देश के सभी विपक्षी दलों, जन आंदोलनों, संगठनों और नागरिकों, विशेषकर छात्रों और युवाओं से अपील करते हैं कि वे इस दिशा में चल रहे सभी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलनों का समर्थन करें तथा 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद भवन मार्च में शामिल हों।
जय हिंद!
अजीत झा | विजय महाजन | उल्का महाजन | योगेंद्र यादव
(राष्ट्रीय संयोजक, भारत जोड़ो अभियान)

