द्वारकापुरी से सिटीबस में रोज़ आनेवाली एक दोहरी पीठ की अपनी उम्र से ज़यादा बूढी एक महिला 45 – 50 बरसों से पेरिन दाजी के घर आती थी जो उनके साथ थोड़ी देर बैठती, गप्पें करती और बर्तन झाड़ू करके दिन ढलने के पहले वापस चली जाती। उसके बारे में एक बार उन्होंने बताया था कि वो पहले पास में रहती थी तब हमारे घर काम करती थी। बाद में उसका बेटा-बहू बहुत दूर द्वारकापुरी के पास शिफ्ट हो गए तो इसे भी जाना पड़ा। हमने कहा भी कि अब तुम हमारा काम छोड़ दो लेकिन ये है की छोड़ती ही नहीं। कहती है पैसे दो या नहीं, मैं तुम्हारे घर का काम नहीं छोडूँगी। मानती नहीं तो मैंने भी कहा ठीक है। अब तो इस से दोस्ती हो गयी है। नाम तो इसका कौशल्या है लेकिन मैं इसे बुड्ढी कहती हूँ।
एक बार क़रीब 6 – 7 महीने पहले जब हम रात में उनके घर पहुंचे तो देखा डाइनिंग टेबल पर करीने से तीन प्लेटें सजी हुईं हैं। हमने पूछा कि क्या किसी को दावत पर बुलाया है। बोलीं कि आज मेरी कामवाली बुड्ढी का अपने घर पर कुछ झगड़ा हो गया तो मैंने उसे कहा कि तू यहीं रुक, अपन पार्टी करते हैं। मैं तेरा मूड ठीक करती हूँ। हमने पूछा – और तीसरी प्लेट किसकी है? तो बोलीं कि रात में जो मेरी देखभाल के लिए अंजलि आती है, तीसरी उसकी है। हम तीनों मिलकर बढ़िया पार्टी करेंगे। उसी पार्टी में हम भी शामिल हो गए। पार्टी में दोनों बूढी महिलाएँ एकदूसरे को एक-दूसरे से ज़्यादा बूढ़ा बताती और हँसती – हँसाती रहीं।

पेरिन दाजी को, जिन्हें हम सब जया और कल्पना मेहता की वजह से काकी कहते थे, वे ख़ुशी का इंतज़ार नहीं करती थीं। उन्हें ख़ुशी पैदा करने का हुनर हासिल था। जब तक होमी होमी दाजी थे तब तक उनका एक बच्चे की तरह वे ध्यान रखतीं थीं। होमी दाजी विधायक रहे, सांसद रहे, लेकिन घर का खर्च पूरे वक़्त पेरिन दाजी ने ही चलाया। वो कहती थीं कि मुझे लगता था कि इस आदमी को अगर मैंने आटे-दाल के भाव में उलझा दिया तो मैं न जाने कितने ग़रीबों और मज़दूरों का नुक्सान करूँगी। जब 1992 में होमी दाजी को ब्रेन हैमरेज हुआ और वे फालिज की चपेट में आये तब से उन्हें देश भर में मीटिंगों में ले जाना, उनका हरपल ख्याल रखना ही उनके जीवन का पूरावक्ती काम हो गया था। उसी वर्ष उनके जवान बेटे रूसी दाजी का बीमारी की वजह से निधन हो गया। इस पहाड़ से दुःख का परिवार ने किसी तरह सामना किया लेकिन फिर दस बरस बाद 2002 डॉक्टर बेटी रोशनी दाजी की भी कैंसर से मृत्यु हो गई तो दुःख से छलनी – छलनी दिल को लिए भी होमी और पेरिन दाजी अपने आपको मज़दूरों – मेहनतकशों के संघर्ष में, झुग्गी- झोपड़ीवासियों के संघर्ष में और आम लोगों की हर तकलीफ में अपना ग़म अनेक परतों के नीचे दबाते गए।
बच्चे तो गए ही, उनके साथ के कॉमरेड इन्दु मेहता, कॉमरेड अनंत लागू, कॉमरेड सी. एल. दलाल आदि भी दुनिया छोड़ते जा रहे थे। ऐसे में पेरिन दाजी और होमी दाजी एकदूसरे का हाथ थामे आगे बढ़ते गए। रोशनी के गुजरने के बाद के दौर में ही मैं होमी दाजी और पेरिन दाजी के ज़्यादा क़रीब आया क्योंकि जया और कल्पना उनका बेटे और बेटियों की तरह ध्यान रखने लगे थे। दोनों भतीजे फ़रोख और फ़िरोज़ भी उनके बच्चों की तरह ध्यान रखते। बताते हैं कि उनका घर एक रोडवेज कर्मचारियों के कोआपरेटिव से बनी बिना लिफ़्ट वाली चार मंज़िला इमारत में पहली मंज़िल पर था। होमी दाजी को लकवा हो जाने से उन्हें चढ़ने-उतरने में काफ़ी तक़लीफ़ होती थी तो रोशनी ने और आनंद मोहन माथुर ने तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से कहा कि उसी इमारत की नीचे वाली यानि ग्राउंड फ्लोर पर उन्हें शिफ्ट कर दिया जाये। दिग्विजय सिंह ने सम्माननीय नेता होमी दाजी के लिए एक बंगला आवंटित कर दिया। जब होमी दाजी को पता चला तो उन्होंने अपना दो कमरे का फ्लैट छोड़कर बंगले में जाने से इंकार कर दिया। उनका तर्क था कि बंगले में मुझे आराम तो हो जाएगा लेकिन वहाँ मुझसे मिलने मेरे ये मज़दूर भाई-बहन कैसे आएंगे, मैं यहीं रहूँगा। आखिर उन्हें नीचे का फ्लैट आवंटित कर दिया गया।
कॉमरेड होमी दाजी के निधन के बाद पेरिन दाजी को उनके भतीजे फ़रोख और फ़िरोज़ उन्हें अपने साथ रहने के लिए कहते थे। खासतौर पर जब दो साल पहले उन्हें दिल में तक़लीफ़ हुई तब फ़रोख उन्हें अपने साथ देहरादून ले भी गया था। जब वे वहाँ से लौटीं तो बहुत खुश थीं और जीन्स पहने हुए थीं लेकिन उन्होंने दोबारा जाने से साफ़ इंकार कर दिया। कुछ दिन फ़िरोज़ के घर भी जातीं तो वापस लौटकर अपने चिमनबाग वाले घर में ही लौट आतीं। कहतीं कि इस घर में ही मेरी सभी यादें हैं और यहां पास में रहने वाले सभी लोग मेरे परिवार के बच्चे हैं। मैं अपने मेहनकश मज़दूर साथियों को छोड़ कर कहीं नहीं चैन से रह सकती, और उनके पड़ोसी भी उनका बहुत ध्यान रखते। होमी दाजी के जीते जी तो वे पूरी तरह उनकी देखभाल में व्यस्त रहीं।
शादी तो उनकी 1950 में हुई थी लेकिन होमी दाजी के इश्क़ में ऐसी डूबीं कि कभी 16 से बड़ी नहीं हुईं। उनकी तस्वीर का लॉकेट गले में पहनना, होमी दाजी की और अपनी गले में हाथ डाले खिंचवाई हुई तस्वीर पर ‘आय लव यू’ लिखा हुआ पान के आकर के आकार वाला दिल लगाना। लगभग हर मीटिंग में, विषय कोई भी हो, होमी दाजी की याद करना —— वे सुबह से रात और रात के सपनों में भी होमी दाजी के इश्क़ में मुब्तिला रहती थीं। बाद में अनेक राजनीतिक आंदोलनों में भागीदारी की वजह भी उनके दिल में होमी दाजी की याद के तौर पर ही होती थी। उनके निधन के बाद उनके दिमाग में यही चलता रहता कि कैसे वो ऐसा कुछ कर सकें जिससे दाजी अगर कहीं से उन्हें देख रहे हों तो खुश हो जाएँ। वे जितनी इंसानों को आपस में लड़वाने वालों के ख़िलाफ़ सख्त और कड़क थीं, उतनी ही उनमे विनम्रता थी आम लोगों के लिए। मैंने जब भी उन्हें घर छोड़ा या थोड़ा सा भी किसी ने उनके लिए कुछ कर दिया तो वे इतनी बार थैंक्स बोलती थीं कि मैं तो “नॉट एट ऑल” और “माय प्लेज़र” बोलकर बोलकर थक जाता था। हर बच्चे – बड़े का जन्मदिन, शादी की सालगिरह याद रखतीं, फ़ोन करके दिल से बधाई देतीं। किसी के लिए फैंसी पेन, किसी के लिए कोई किचन का फैंसी कटर, किसी के लिए रुमाल तो किसी के लिए ड्रेस। छोटे – छोटे सस्ते गिफ्ट्स खरीदकर लोगों को देकर ख़ुद बहुत खुश होतीं और अनमोल ख़ुशी दूसरों को देतीं। ज़िंदगी के 45 बरस उन्होंने बच्चों के स्कूल में पढ़ाया। जितने लोग उन्हें होमी दाजी की पत्नी और एक सक्रिय आंदोलनकारी के तौर पर जानते हैं, उनसे कम तादाद नहीं है ऐसे लोगों की जो उन्हें सिर्फ़ एक बेहतरीन टीचर पर याद करते हैं। प्यार उनके भीतर से छलकता ही रहता था।

एक दिन मेरे बेटे कार्तिक को स्कूल में किसी टीचर ने कुछ कह दिया था। उसने मुझे बताया तो मैं स्कूल गया और उसके टीचर से बात की। टीचर का जवाब सुनकर मैं और दंग रह गया। वो बोली कि बच्चों को थोड़ा-बहुत तो मारना – पीटना ज़रूरी है नहीं तो उनके मन में कोई डर ही नहीं रह जाएगा। कुछ और बच्चों के अभिभावक भी वहाँ थे। उन्होंने भी टीचर की हाँ में हाँ मिलाई। मैंने कहा – बिलकुल नहीं। आप बच्चों को प्यार से समझाएँ। मारने का सोचना भी नहीं – न थोड़ा न ज़्यादा। वर्ना मैं पुलिस में शिकायत करूँगा। बाद में जब मैंने काकी को ये बात बताई तो वो बोलीं – तूने ठीक किया। अगर बच्चे मस्ती नहीं करें, खेलें कूदें नहीं, तो स्कूल वालों को चाहिए कि वे बच्चे को डॉक्टर को दिखवाएं। अगर वे मस्ती नहीं करेंगे तो क्या हम करेंगे? मैंने 45 साल टीचर की नौकरी की लेकिन कभी किसी बच्चे नहीं मारा। उनके इसी व्यवहार की वजह से बच्चे भी उनसे बहुत घुले मिले रहते थे।
जब पेरिन दाजी की शवयात्रा निकली तो उसमे अनेक लोग ऐसे थे जिनपर पेरिन दाजी का प्यार नामालूम बारिश की तरह बरसा था और उनकी ज़िंदगी में अच्छे कामों के लिए आस्था गहरी हो गयी थी। एक थे सरजू। सरजू माली का काम करते हैं और क़रीब 6 बरस पहले उनके 5 – 6 बरस के बच्चे के दिल में छेद पाया गया। उन्होंने जया से कहा और जया ने काकी से। फिर क्या था। दोनों ने मिलकर पहले अपनी जान पहचान वालों से, खुद से पैसे इकट्ठे करना शुरू किये। वक़्त कम था और इतनी जल्दी डेढ़ लाख का इंतज़ाम मुश्किल हो रहा था। दोनों मिलकर डॉक्टर धीरज गाँधी के पास पहुँच गए। फ़ीस कम करने की अपील के साथ। उन्होंने पेरिन दाजी और इंदौर की जानीमानी शख़्सियत इंदु मेहता की बेटी जया मेहता से मिलकर अपनी फीस माफ़ ही कर दी। केवल अस्पताल का खर्च लगा। आज सरजू और उसका परिवार खुशहाल हैं और पेरिन दाजी की शवयात्रा में मैं उसे अपनी आँखें पोंछते देख रहा था।
जया और कल्पना उन्हें बचपन से काकी कहती थीं। दरअसल जया और कल्पना की माँ इन्दु मेहता भी इंदौर की ही नहीं, प्रदेश की बड़ी शख़्सियत थीं जिन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राजवाड़े पर तिरंगा फहराया था और गिरफ़्तार हुई थीं। उस ज़माने में पोलिटिकल साइंस की प्रोफेसर और सरकारी कॉलेज की प्रिंसिपल का पद छोड़कर उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ली थी। वे पार्टी के शिक्षा विभाग और अंतरराष्ट्रीय शांति और एकजुटता आंदोलन से भी जुड़ीं थीं। उनके और दाजी, लागू और दलाल परिवार के बीच काफी पारिवारिक घनिष्ठता भी थी। इसलिए जया और कल्पना पेरिन दाजी को बचपन से काकी कहती थीं और उनकी वजह से हम भी उन्हें काकी कहने लगे। बाकी सारा शहर उन्हें मम्मी जी कहता था। वे गणेश चतुर्थी की झाँकी लगवातीं, बच्चों के साथ मिठाई बांटतीं , हमें भी बुलातीं। फिर वहीँ ईद भी मनाई जाती। और इन सब में सारे हिन्दू-मुस्लिम शामिल होते। यही वजह थी कि वे देश और शहर में बढ़ते हुए सांप्रदायिक ज़हर के खिलाफ मुट्ठी बांधे हर छोटे-बड़े मोर्चे में शामिल होतीं। गौरी लंकेश के क़त्ल के बाद बहुत बीमार हालत में भी वे रीगल चौराहे पर प्रदर्शन में पहुंचीं। वहाँ मेधा पाटकर और नर्मदा आंदोलन के अनेक अन्य साथी भी आये। मेधा ने उनके साथ अपनी तस्वीर खिंचवाई। वो तस्वीर मुझसे लेकर उन्होंने फ्रेम में अपने घर में लगाई। मेधा के संघर्ष के जज़्बे को वे हमेशा बहुत सराहतीं थीं और मेधा भी बेटी की तरह उनसे अपने लिए बहुत सा स्नेह सहेज लेती। अपने बेटे, बेटी और पति की मृत्यु के बाद भी उनका ज़िंन्दगी में और संघर्ष में विश्वास कभी डिगा नहीं था। कहती थीं कि हुकुमचंद मिल के मज़दूरों को उनका हक़ दिलाये बगैर मेरी जान नहीं निकलेगी। मैं उनसे कहता कि आप तो ज़िंदा रहने के बहाने ढूंढ़ रही हो। हँसतीं और फिर कभी एम. एन. बुच को या कभी लज्जाशंकर हरदेनिया जी को भोपाल फ़ोन लगाकर मज़दूरों को उनका हक़ कैसे मिले, इस मसले पर मशविरा करतीं। आख़िरकार जब उनके और आनंद मोहन माथुर तथा मज़दूरों के संघर्ष से अदालत से मज़दूरों को जीत हासिल हुई तो वे बहुत खुश हुईं। बोलीं – मैं अब चैन से मर सकती हूँ। आज दाजी बहुत ख़ुश होंगे। लेकिन कभी जया की तबियत ख़राब हो, सारिका को कोई तकलीफ हो तो 80 – 85 की उम्र में भी वो कहतीं कि मैं आ जाती हूँ, तेरा सर दबा दूँगी। और सच में ऑटो करके आ जातीं और फिर सर में चम्पी करतीं और गाना गातीं “सर जो तेरा चकराए या दिल डूबा जाए…।”
एक दिन मुझे फ़ोन करके बोलीं कि जल्दी आ, ज़रूरी काम है। मैंने बहुत पूछा और अपने व्यस्त होने का हवाला दिया लेकिन वे नहीं मानी और जल्दी आ की टेक पर अड़ी रहीं। मैं पहुँचा तो बोलीं कि ये अंजलि (जिसे जया ने उनके घर काकी की देखभाल के लिए रखा था) के लिए एक एप्लीकेशन लिख दे। काहे की एप्लीकेशन? मैंने पूछा। बोलीं कि इस अंजलि को ब्यूटी पार्लर का काम आता है लेकिन इस बेचारी के पास घर में कुर्सियां और टेबल नहीं है जिस पर बिठाकर वो ये काम कर सके। तो तू इसके लिए सेंट रेफियल्स के प्रशासन को एक ऐसी एप्लीकेशन लिख कि अभी 26 जनवरी, 2018 को जब गणतंत्र दिवस पर आपकी संस्था कुछ ज़रूरतमंदों को दान देती है ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें, तो वो इसके लिए दो कुर्सियां और टेबल दे दें। गाना गाने का उनका बहुत मन रहता था। खासतौर पर “अपने लिए जिए तो क्या जिए” और “किसी की मुस्कराहटों पर हो निसार।” गाते हुए जब पंक्ति आती कि “कि मर के भी किसी को याद आएँगे” तो गाना रोककर पूछतीं कि ” याद आएँगे या नहीं?” और जब सब कह दें कि हाँ आओगी, तब आगे गातीं।
अक्टूबर, 2016 में इप्टा का राष्ट्रीय सम्मलेन हमने इंदौर में करने का तय किया। इंदौर में सांप्रदायिक ताक़तों का दबाव बढ़ता जा रहा था और हमने उन्हें रचनात्मक, कलात्मक और चुनौती देने का सोचा। पेरिन दाजी हमारे संरक्षक मंडल में भी थी। होमी दाजी के भाई केकी दाजी (फ़रोख और फ़िरोज़ के पिता) इप्टा के शुरूआती दौर में 1950 के आसपास इप्टा के नाटकों में क़िरदार भी निभाते थे। इस नाते भी पेरिन दाजी इप्टा के क़रीब थीं और गण गाने में वे हमेशा साथ रहती थीं। उसी वक़्त के इप्टा और स्टूडेंट फेडरेशन के सदस्य आनंद मोहन माथुर भी 90 वर्ष के हो चले थे और वे राष्ट्रीय सम्मेलन के स्वागताध्यक्ष थे। सम्मेलन के पहले दिन से ही हमें फुसफुसाहटों में पत्रकार दोस्त बता रहे थे कि कुछ दक्षिणपंथी, राष्ट्रोन्मादी और सांप्रदायिक तत्व सम्मलेन पर हमला करने के मंसूबे बना रहे हैं। विख्यात फिल्म निर्देशक और इप्टा के तब उपाध्यक्ष एम्. एस. सथ्यु मुख्य अतिथि थे और उन्होंने अपने भाषण में सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में मोदी मार्का राष्ट्रवाद के खिलाफ कुछ इंसानियत की बातें कह दी थीं। आखिरी दिन मैं सथ्यू जी को और अंजन श्रीवास्तव को लेकर प्रेस क्लब में पत्रकार साथियों से मिलवाने गया हुआ था कि तभी खबर लगी कि सम्मेलन में कुछ हुड़दंगी तिरंगा झंडा लेकर मंच पर पहुंचकर चलते कार्यक्रम में भारत माता की जय आदि के नारे लगाने लगे और झूमा झटकी करने लगे। जब मैं वहां पहुँचा तो पता चला कि जया ने काकी को मंच पर जाकर स्थिति सँभालने के लिए कहा और सञ्चालन कर रहे अरविन्द पोरवाल ने सबको ध्यान देने का आग्रह करके काकी को माइक थमा दिया। काकी ने जो जोश भरी आवाज़ में गाना शुरू किया तो 5 मिनट के भीतर सभागृह में बैठे एक हज़ार लोगों का पूरा ध्यान अव्यवस्था से हटकर वापस कार्यक्रम और इप्टा की कार्रवाई पर लग गया। इस मायने में वे सच में एक निडर जान नेता थीं।
एक बार सुबह 10 बजे ही फ़ोन आ गया कि ड्राईवरों और कंडक्टरों की हड़ताल तुड़वाने के लिए प्रशासन ने बाहर से ड्राइवर बुलाये हैं और मैं वहां जा रही हूँ। जब जया और सारिका को लेकर मैं वहां पहुंचा तो कॉमरेड कैलाश गोठानिया, कॉमरेड रुद्रपाल यादव और अन्य थोड़े से कॉमरेड वहाँ थे और काकी बस के आगे दोनों हाथ फैलाये बस के आगे खड़ी थीं कि निकालो मुझ पर से बस। आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा। उनकी सच्चाई और ईमानदारी उन्हें निडर बनती थी और इंसानियत से प्यार उन्हें बच्चा बनाये रखता था।
तीन – चार साल पहले उन्होंने एक दिन मुझे और जया को अपने घर बुलाया। एक सूटकेस मुझसे नीचे उतरवाया। उसमें चादरों में करीने से तह करके रखीं अनेक शॉल थे। एक शॉल मुझे दिया और एक काले रंग का ख़ूबसूरत कढ़ाई वाला शॉल जया को दिया। बोलीं कि ये क्यूबा का शॉल है। शायद तभी उन्होंने मुझे सूटकेस के भीतर से एक लाल झंडा दिखाया। उस पर बहुत सुन्दर हँसिया – हथौड़ा कढ़ा था। वो दिखाकर उन्होंने कहा कि जब मैं मर जाऊँ तो इसी झंडे में मुझे आख़िरी सफर पर ले जाना ले जाना। जब वे मृत्यु से दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुईं तब भी मैंने कहा था कि देख लेना वे वापस आ जाएँगी और जीने का कोई न कोई नया बहाना बता देंगी और हम सब फिर से खूब हँसेंगे। लेकिन इस बार वे चली ही गईं। मेरे लिए ये इतना अनापेक्षित था कि मैं झंडे वाली बात भूल ही गया था। जब काकी को अस्पताल से लेकर हम घर पहुँचे तब सारिका ने झंडे की बात याद दिलाई। मैं गया था कि उन्होंने झंडा कहाँ रखा बताया था लेकिन 5 मिनट में ही मुझे याद आ गया और हमने उन्हें वही, उनका पसंदीदा लाल झंडा उड़ा दिया और “लाल झंडा लेकर कॉमरेड आगे बढ़ते जाएँगे, तुम नहीं रहे, इसका ग़म है पर, फिर भी लड़ते जाएँगे” जनगीत गाकर उन्हें अपने प्रेमी, पति और शिक्षक होमी दाजी और उनके दोस्त अनंत लागू के पास छोड़ आये। कॉमरेड पेरिन दाजी को लाल सलाम।
(विनीत तिवारी कवि और सांस्कृतिक कार्यकर्त्ता हैं। )

