फरीदाबाद के सेक्टर 28 में स्थित शाही एक्सपोर्ट कंपनी में शनिवार से ही मजदूर हड़ताल कर रहे हैं । फरीदाबाद प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल लगाकर मजदूरों को डराने की कोशिश की जा रही है। कंपनी के अन्य प्लांट्स में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बीते अप्रैल में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुए मजदूर आंदोलन के बाद न्यूनतम वेतन बढ़ा तो शाही एक्सपोर्ट कंपनी ने श्रमिकों का बोनस काट लिया! यह भारत की सबसे बड़ी गारमेंट निर्यातक कंपनियों में से एक शाही एक्सपोर्ट्स का मजदूरों के खिलाफ अपनाया नया हथकंडा है। सरकार ने जब न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की, तो कंपनी ने अपना मुनाफा बचाने के लिए मजदूरों का बोनस 20 फीसद से घटाकर सीधे 8 फीसद कर दिया। ध्यान रहे कि यह कंपनी फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के समधी हरीश आहूजा की है।
यानी कानूनन जो बढ़ोतरी मजदूरों को मिलनी थी, उसे दूसरे रास्ते से वापस छीन लिया गया। H&M, GAP, काल्विन क्लीन, जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए कपड़े बनाने वाली, हजारों करोड़ का कारोबार करने वाली इस कंपनी ने अपनी महिला मजदूरों को फिर से लगभग उसी वेतन पर ला पटका है जिसके खिलाफ वे कई महीनों से संघर्षरत थीं और जिसके दबाव में सरकार को न्यूनतम वेतन बढ़ाना पड़ा था। इस खुली लूट के खिलाफ कंपनी की महिला कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। मांग साफ है- बोनस कटौती वापस लो, 20 फीसद बोनस बहाल करो!
यह सिर्फ एक कारखाने का मामला नहीं है। न्यूनतम वेतन बढ़ने के बाद देश भर में मालिक बढ़ोतरी को बेअसर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं- कहीं ऑपरेटर या कुशल श्रेणी के मजदूरों को हेल्पर यानी अकुशल श्रेणी में डाउनग्रेड कर वेतन घटाया जा रहा है, तो कहीं बोनस, भत्तों और ओवरटाइम में कटौती की जा रही है। मकसद एक ही है- काअनूनी बढ़ोतरी मजदूर की जेब तक न पहुँचने पाए।
सड़क से लेकर कंपनी गेट के अंदर तक पुलिस मौजूद है और मजदूरों को किसी भी तरह का विरोध करने से डराने धमकाने वह मानसिक दबाव बनाने का काम किया जा रहा है। कंपनी गेट के बाहर भी वाटर कैनन से लेकर पुलिस की गाड़ियां खड़ी हैं ताकि मजदूर पर दबाव बनाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार कंपनियों में काम बंद है, मजदूरों ने काम रोक रखा है। कंपनी प्रबंधन द्वारा पुलिसबल का इस्तेमाल करके मजदूरों को कोई व्यापक प्रदर्शन करने से रोकने की कोशिश की जा रही है। रविवार सुबह कंपनी मैनेजमेंट और फरीदाबाद प्रशासन द्वारा भारी संख्या में कंपनी के अंदर और गेट के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि मजदूरों ने अब भी काम रोक रखा है।

