पंजाब: मतदाता खामोश है, पर उदासीन नहीं!


पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 के अभियान का आगाज होते ही राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों के साथ चुनावी रणभूमि में उतरना शुरू कर दिया है। इस राजनीतिक हलचल के समानांतर आम मतदाता के भीतर भी एक वैचारिक प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है। फिलहाल मतदाता किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की जल्दबाजी में नहीं है। वह परिस्थितियों का जायजा ले रहा है, बीते समय की घटनाओं और वर्तमान में घट रही घटनाओं का आकलन कर रहा है तथा राजनीतिक दलों के दावों को अलग-अलग कसौटियों पर परख रहा है।

आम आदमी पार्टी की वर्तमान सरकार द्वारा किए गए वादों और उन पर हुए वास्तविक कामकाज के बीच का अंतर अब सामाजिक चेतना और जनबोध में मंथन का विषय बनने लगा है। पांच वर्ष पहले जिन अपेक्षाओं के आधार पर जनता ने सत्ता परिवर्तन का निर्णय लिया था, उनकी फेहरिस्त फिर से खंगाली जा रही है। रोजगार, नशा, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आर्थिक स्थिति जैसे सवालों पर सरकार के प्रदर्शन का मूल्यांकन होने लगा है। इसके साथ ही अन्य राजनीतिक दलों के अतीत की परछाइयों को भी वर्तमान के समानांतर रखकर देखा जा रहा है। मतदाता केवल यह नहीं पूछ रहा कि मौजूदा सरकार ने क्या किया, बल्कि यह भी जानना चाहता है कि सत्ता के दावेदार दल अपने पुराने कार्यकाल और राजनीतिक आचरण से कितना सबक लेकर लौट रहे हैं।

आने वाले दो महीने पंजाब की राजनीतिक तस्वीर को कुछ हद तक स्पष्ट कर सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों, दलों के आंतरिक समीकरणों, नेतृत्व के चयन, संभावित गठबंधनों और उम्मीदवारों की स्थिति से विधानसभा चुनाव का प्रारम्भिक आकार उभरने लगेगा, हालांकि चुनावी शोर और राजनीतिक दावों के बीच मतदाता की वास्तविक मनःस्थिति को समझना अब भी सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेगी।



दूसरी ओर, संभावित उम्मीदवार अपने राजनीतिक भविष्य को संवारने के प्रयासों में जुट गए हैं। टिकट की उम्मीदों, व्यक्तिगत छवि, जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों तथा संगठनात्मक समर्थन के बीच उनकी भागदौड़ तेज हो गई है। मृग-मरीचिका का घेरा धीरे-धीरे तंग होता जा रहा है और राजनीतिक वास्तविकताओं का सामना करने के लिए साहस जुटाया जाने लगा है। अपनी छवि को उज्ज्वल दिखाने के लिए मर्यादाओं और आदर्शों का आवरण ओढ़ा जा रहा है। राजनीतिक तरकश के तीर पैने किए जा रहे हैं और अपने-अपने युद्ध के लिए सैनिकों की तलाश तथा उन्हें तैयार करने की इबारत लिखी जाने लगी है।

चरणजीत चन्नी की ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ से पहले पंजाब कांग्रेस भवन से प्रगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, सुखपाल खैरा, विजय इंद्र सिंगला, कुलजीत नागरा और अन्य नेताओं ने ‘पंजाब मांगे इंसाफ’ अभियान की शुरुआत की है। दोनों अभियान समांतर चलेगे। रणनीतियों में आवश्यक बदलावों का अभ्यास शुरू हो चुका है। पुरानी गलतियों के पन्ने बार-बार पलटे जा रहे हैं ताकि नए दांव की समझ विकसित की जा सके। कहीं पुराने राजनीतिक चेहरों की उपयोगिता पर पुनर्विचार हो रहा है, तो कहीं नए चेहरों के माध्यम से नई उम्मीदें जगाने की कोशिश की जा रही है। राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नए मंत्रों की खोज अब नेताओं की दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बन गई है।

इस कवायद के बीच एक बुनियादी प्रश्न अपनी जगह कायम है- क्या राजनीतिक दलों ने मतदाता की बदलती चेतना को समझा है या वे अब भी पुराने चुनावी फार्मूलों के सहारे नई परिस्थितियों में जीत हासिल करने का सपना देख रहे हैं? इस बार मुकाबला केवल राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों के बीच नहीं होगा। मुकाबला पांच साल पहले पैदा की गई उम्मीदों और आज के अनुभवों के बीच भी होगा। वादों और परिणामों के बीच भी होगा। अतीत की राजनीतिक विरासत और वर्तमान की जवाबदेही के बीच भी होगा।

भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पंजाब में ‘ट्रस्ट डेफिसिट’ के चक्रवयूह में फंस गई है। इस चक्रव्यूह की रचना के जिम्मेदार भी वे स्वयं ही हैं। पंजाब में मिले विश्वास को भगवंत मान की सहायता से अरविन्द केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और स्वार्थ को विस्तार देने के लिए प्रयोग करने में कोई कोताही नहीं की। उनको लगने लगा था कि पंजाब अपनी उदारता से उनके नेतृत्व को भगवंत मान के रूप में स्वीकार करते हुए अपनी अपेक्षाओं के लिए त्याग कर देगा। यही राजनीति की चूक कुटिलता में बदल कर कब एक चक्रव्यूह रच देती है जिस में अन्त्यविलीन होना ही नियति बन जाता है।



बचे कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा, तो सवाल यह है कि अपने अतीत की गलतियों, विरासत और वर्तमान राजनीतिक दावों के बीच वे कितनी संगति स्थापित कर पाते हैं। क्या मतदाता फिर से किसी दल के चुनावी वादों से प्रभावित होगा या इस बार उम्मीदवार, स्थानीय मुद्दे, शासन का अनुभव और राजनीतिक विश्वसनीयता अधिक निर्णायक होंगे? यह भी इस चुनाव में स्पष्ट होगा। राजनीतिक शतरंज की बिसात पर किसके मोहरे और वज़ीर मात खाते है और किसकी चालबाज़ी पलटती है यह रोचकता बन रही है।

पंजाब का मतदाता अभी खामोश जरूर है, लेकिन उसकी खामोशी को उदासीनता समझना राजनीतिक भूल होगी। वह देख रहा है, सुन रहा है, तुलना कर रहा है और अपने निष्कर्ष गढ़ रहा है। चुनावी रणभूमि में उतरने वाले दलों के लिए सबसे कठिन चुनौती यही होगी कि वे मतदाता को अपने भाषणों से नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक चरित्र, विश्वसनीयता और कामकाज से संतुष्ट कर पाएं। पंजाब में पंजाब को ही जीतना या हारना है।



About जगदीप सिंह सिंधु

View all posts by जगदीप सिंह सिंधु →