संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार को भेजा चारसूत्रीय एजेंडा, 29 दिसम्बर को वार्ता की तारीख


केंद्र सरकार द्वारा 24 दिसंबर को संयुक्‍त किसान मोर्चा को भेजे गये पत्र के जवाब में आज शाम मोर्चे के घटक संगठनों और नेताओं ने दिल्‍ली के सिंघू बॉर्डर पर एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर के सरकार को अपनी ओर से चार एजेंडे भेजे हैं और बैठक का समय दिया है।

किसान संगठनों ने संयुक्‍त सचिव, कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय, विवेक अग्रवाल को भेजे पत्र में सबसे पहले तो कहा है कि सरकार किसानों की मांगों को लेकर गलतबयानी न करे और सरकारी तंत्र का इस्‍तेमाल कर के किसानों के खिलाफ दुष्‍प्रचार बंद करे।

चालीस संगठनों के इस मोर्चे ने अगली बैठक के लिए 29 दिसंबर को दिन में 11 बजे का वक्‍त सरकार को दिया है और चार एजेंडे क्रम से रखे हैं:

  1. तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद्द/निरस्‍त करने के लिए अपनायी जाने वाली क्रियाविधि;
  2. सभी किसानों और कृषि वस्तुओं के लिए राष्ट्रीय किसान आयोग द्वारा सुझाए लाभदायक MSP पर खरीद की कानूनी गारंटी देने की प्रक्रिया और प्रावधान;
  3. राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्‍ता प्रबंधन के लिए आयोग अध्‍यादेश, 2020 में संशोधन जो अध्‍यादेश के दंड प्रावधानों से किसानों को बाहर करने के लिए जरूरी है;
  4. किसानों के हितों की रक्षा के लिए विद्युत संशोधन विधेयक 2020 के मसौदे में ज़रूरी बदलाव।    

किसानों द्वारा की गयी प्रेस कान्‍फ्रेंस को नीचे देखा जा सकता है।



About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →