फूलदेई: फूलों और फूल जैसे बच्चों के नाम पहाड़ों का एक त्योहार


पहाड़ की विशेषता है कि जीवन में तमाम चुनौतियां, संकट होने के बाद भी सामाजिक उल्लास में कमी नहीं रहती। फूलदेई भी कुछ ऐसा ही पर्व है।

उत्तराखंड के पहाड़ों का लोक पर्व है फूलदेई। नए साल का, नई ऋतुओं का, नए फूलों के आने का संदेश लाने वाला ये त्योहार आज उत्तराखंड के गांवों और कस्बों में मनाया जाता है।

यह खूबसूरत दिन प्रकृति को आभार प्रकट करने वाला लोकपर्व है। फूलदेई बताता है कि प्रकृति के बिना इंसान का कोई वज़ूद नहीं।

यह पर्व सर्दी का अंत और हल्की-हल्की गर्मी का आगाज़ होता है, जब मौसम अधिक रोमांचित हो जाता है, जिस समय हर पहाड़ों पर नए-नए फूलों-पौधों का जन्म होते दिखता है। बुरांश और बासिंग के पीले, लाल, सफेद फूल और और इन्हीं फूलों की तरह बच्चों के खिले हुए चेहरे… 

चैत के महीने की संक्रांति को, जब ऊंची पहाड़ियों से बर्फ पिघल गयी रहती है और पहाड़ की सर्दियों के मुश्किल दिन बीत जाते हैं, उत्तराखंड के पहाड़ चाहे वह कुमायूँ के हों या गढ़वाल के पहाड़ हों वह सभी बुरांश के लाल फूलों की चादर ओढ़ने लगते हैं, तब पूरे इलाके की खुशहाली के लिए फूलदेई का त्योहार मनाया जाता है।

कहने को तो यह त्योहार ख़ास तौर पर किशोरी लड़कियों और छोटे बच्चों का पर्व है, लेकिन बच्चों के साथ बड़े बूढ़े बुज़ुर्ग भी भरपूर लुफ़्त उठाते हैं।

फूलदेई के दिन लड़कियां और बच्चे सुबह-सुबह उठकर फ्यूंली, बुरांश, बासिंग और कचनार जैसे जंगली फूल इकट्ठा करते हैं। इन फूलों को रिंगाल की टोकरी में सजाया जाता है। टोकरी में फूलों-पत्तों के साथ भेली(गुड़), चावल और नारियल रखकर बच्चे अपने गांव और मुहल्ले की ओर निकल जाते हैं।

इन फूलों और चावलों को गांव के घर की देहरी, यानी मुख्यद्वार पर ऱखकर लड़कियां उस घर में खुशहाली की मन्नत मांगती हैं और अन्य घरों की ओर बढ़ती जाती हैं

इस दौरान एक खूबसूरत लोकगीत भी भी गाया जाता है- फूलदेई, छम्मा देई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *