अक्टूबर क्रांति की 109वीं वर्षगांठ पर प्रगतिशील लेखक संघ की घाटशिला इकाई द्वारा एक ऑनलाइन चर्चा “रुस की सर्वहारा क्रांति और हमारे लिए उसके सबक” का आयोजन किया गया। वक्ताओं में वरिष्ठ अर्थशास्त्री डॉ. जया मेहता, प्रलेस के राष्ट्रीय सचिव विनीत तिवारी और युवा शायर संजय सोलोमन ने विषय पर अपने विचार रखे। मॉडरेटर के रूप में शेखर मल्लिक रहे।
डॉ. जया मेहता ने कार्ल मार्क्स के हवाले से कहा कि उत्पादन के साधन और उत्पादन सम्बन्ध मिलकर उत्पादन की विधियों का निर्माण करते हैं और उत्पादन सम्बन्ध में विकासक्रम के अनुसार सामन्तवाद के बाद पूंजीवाद और उसके बाद साम्यवाद आएगा। जिन देशों में उत्पादन शक्तियां अधिक विकसित हो चुकी हैं, पूंजीवादी उत्पादन सम्बन्ध भी अपने आप को स्थापित कर चुके हैं, वहां सबसे पहले साम्यवाद के माध्यम से उत्पादन शक्तियों और उत्पादन सम्बन्धों का अगला चरण आएगा।
उन्होंने कहा कि मार्क्सवाद को जड़ बनाने से अधिक मार्क्स के विचारों पर आगे सिद्धांत और प्रैक्सिस को विकसित करना जरूरी होता है। मार्क्सवाद को समझकर जिसने सबसे शानदार विकसित किया था वे लेनिन थे। आज दुनिया के ताकतवर देशों की जियोपॉलिटिक्स और साम्राज्यवादी रुख ने युक्रेन, ईरान, फलस्तीन में जिस तरह के हालात बना रखे हैं और उसके खिलाफ जिस तरह के प्रतिरोध हो रहे हैं, उन प्रतिरोधों को कामयाब होने के लिए कि हम ये व्यवस्थाएं बदल कर एक नयी व्यवस्था की बात कर सकते हैं, यानी समाजवाद की बात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने सोवियत किस्म के समाजवाद से जो चीजें सीखी हैं उसकी नक़ल किए बगैर उसके आधार पर एक नए समाजवाद की नींव रख सकते हैं।

संजय सोलोमन ने विस्तार से चर्चा की कि किस प्रकार उस समय के साहित्य ने रूस की क्रांति के लिए जमीन तैयार की, उसे प्रभावित किया और इस क्रांति ने किस तरह से समकालीन और आने वाले समय के साहित्य पर असर डाला। संजय ने कहा कि यह पहली ऐसी क्रांति थी कि जिसमें मजदूरों की सत्ता का स्वप्न साकार हुआ। साहित्य में रोमांटिसिज्म से बाहर निकलकर यथार्थवाद की तरफ मुड़ने का जो सिलसिला आया, वह इसी क्रांति के इर्द-गिर्द शुरू हुआ था। फ़्रांसीसी क्रांति से ही साहित्य रूमानियत छोड़कर वास्तविकता की ओर आता दिखता है। औद्योगिक क्रांति के सौ वर्षों के भीतर ही ऐसी भूमिका बनने लगी थी जब साहित्य को अपनी दिशा बदलनी पड़ी। बाल्ज़ाक, चार्ल्स डिकेंस, तोल्स्तोय आदि अनेक लेखकों पर इसकी छाया देखी जा सकती है जहां मेहनतकशों के जीवन और संघर्षों का चित्रण हुआ है।
उन्होंने बताया कि एंगेल्स ने हाथनेस को अपने पत्र में लिखा था कि यथार्थवाद ‘विशिष्ट परिस्थितियों में विशिष्ट चरित्रों का सच्चा चित्रण’ है। गोर्की जैसे लेखकों ने क्रांति पर कैसे असर डाला यह भी महत्वपूर्ण है। लेनिन ने ‘पार्टी ऑर्गेनाइजेशन ऑन पार्टी लिटरेचर’ नामक किताब में लिखा है कि जिस उद्देश्य से क्रांति की जा रही है, साहित्य को उसका वाहक होना चाहिए केवल मार्क्सवादी लेखकों ही नहीं, दुनिया के तमाम शांतिपसंद, शोषणविरोधी लेखकों ने रूस की क्रांति की ओर देखा। भगत सिंह, प्रेमचंद, मौलाना हसरत मोहानी, इक़बाल जैसों ने शोषणमुक्त समाज के निर्माण के लिए इस क्रांति को एक उदाहरण के तौर पर देखा।
विनीत तिवारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि मार्क्सवाद की बुनियादी बातों को बार-बार याद किए जाने की जरूरत है क्योंकि इससे कुहासे साफ़ होते हैं। वरना आज किसी को भी ‘आज का लेनिन’ और ‘आज का भगत सिंह’ कहकर व्यक्तिपूजा शुरू कर दी जाती है।
रुसी क्रांति का सबक यह है कि हम बुनियाद की तरफ ध्यान रखें। यह बुनियाद होती है ‘क्लास पॉलिटिक्स’। कोई भी आन्दोलन क्रांतिकारी है या नहीं, इसकी पहचान ऐसे होगी कि इसकी मांगें क्या हैं, इसमें शामिल लोग किस तबके के हैं। अगर कुछ मांगें मान ली गईं तो इससे किस तबके का जीवन बेहतर हो पाएगा? लेनिन के अनुसार बिना दीर्घजीवी योजना बनाए अगर किसी एक कदम को क्रांतिकारी मान लेंगे और उसके परिणामों को नहीं सोचेंगे तो वह बचकाना वामपंथ है। लेनिन ने यथास्थितिवाद से निकलने को भी जरूरी माना था क्योंकि संगठन में इस तरह की आवाजें भी मौजूद होंगी जो कहेंगी कि अभी क्रांति के लिए सही वक़्त नहीं है, अभी तैयारी के लिए और वक़्त चाहिए। ये लोग व्यवस्था को बदलने की चेष्टा नहीं करेंगे। लेनिन के अनुसार क्रांति का लक्ष्य अर्थव्यवस्था में बदलाव है और इस बदलाव के केंद्र में कौन होगा- मध्यवर्ग या पूंजीपति वर्ग? इसे अहम सवाल माना जाना चाहिए।
विनीत ने कहा कि जो मुश्किल सवाल हैं, रूसी क्रांति हमें उसको उठाने की सलाहियत देती है क्योंकि ऐसे ही सवालों का लेनिन को भी सामना करना पड़ा था। दूरगामी दृष्टि ने उन्हें एक तरफ तो अपने यहां के बचकाने वामपंथ से निपटने में मदद की और दूसरी तरफ उन मेन्शेविकों से भी, जो यही रोना रोते रहते थे कि कुछ नहीं हो सकता, अभी तैयारी नहीं है।
क्रांति सिर्फ एक बार घटित हो जाने वाली घटना नहीं है, उसको संभालना पड़ता है। रूस की क्रांति को लेनिन, ट्रोट्स्की और स्टालिन ने संभाला। रूस पर चौदह देशों के हमलों को उन्होंने संभाला, गृहयुद्ध से निपटे, अपने देश को आगे बढ़ाया, अपने देश की उत्पादक शक्तियों को आगे किया, मजदूरों और मेहनतकशों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया, उनमें आत्मगौरव का भाव भरा, अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य, अच्छा रोजगार, एक गरिमापूर्ण जीवन देने का काम किया। उन्होंने एक नए मनुष्य की रचना की, जिस नए मनुष्य की कल्पना हम करते आए थे और जिस मनुष्य को धरती पर साकार नहीं होने दिया गया था।
क्रांति के बाद उसे बचाये रखने का काम भी महत्वपूर्ण है। यह रूस की क्रांति से सीखने की चीज है। बाद में हम कई और देशों के भीतर भी यह देख पाए। एक और बात कि क्रांति कभी स्वार्थी नहीं हो सकती। कई लोग, यहां तक कि वामपंथी भी यह शिकायत करते हैं कि रूस ने अपने देश की फ़िक्र की जगह दुनिया भर की चिंता को अपने सिर ले लिया था वरना सोवियत रूस ज्यादा दिन टिक जाता। लेकिन रूस की क्रांति से यह एक और बात भी सीखने की है कि रूस ने अन्य देशों के भीतर जनवादी और प्रगतिशील ताकतों को पूरा समर्थन और सहयोग दिया। जिस प्रकार की आर्थिक शक्तियों का विकास रूस में हो रहा था, उसने कोशिश की कि अन्य देशों के भीतर भी वैसा ही विकास हो सके। दूसरे देशों, जैसे क्यूबा आदि के भीतर क्रांति की सम्भावनाओं को बलवती करने में वह मददगार हुआ।
विनीत तिवारी ने कहा कि हमें वामपंथी होने के नाते मजदूर और मेहनतकश को केंद्र से जरा भी हटने नहीं देना चाहिए. तभी हमारी राजनीति का कोई अर्थ है। इस परिचर्चा में डॉ. देवदूत सोरेन, अथर्व शिंत्रे, अर्पिता, कुमार अम्बुज, स्वर्णसिंह विर्क, विनय कुमार शर्मा, सुधीर साहू ‘सुजल’, आदि अनेक साथी मौजूद रहे।

