किसानों को न उकसाएं वरना नेताओं को बुरे परिणाम झेलने पड़ सकते हैं: संयुक्त किसान मोर्चा


संयुक्त किसान मोर्चा प्रेस नोट
187वां दिन, 1 जून 2021

हरियाणा के टोहाना में मंगलवार को विधायक देवेंद्र बबली के कार्यक्रम का किसान संगठनों द्वारा विरोध किया गया। किसानों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसक रंग देने के उद्देश्य से विधायक ने किसानों के साथ गाली-गलौज की व अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद किसानों ने विरोध जारी रखा तो पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करवाया गया, जिसमें हरियाणा के जुझारू किसान ज्ञान सिंह बोडी, सर्वजीत सिद्धु और बूटा सिंह फतेहपुरी को गहरे चोटें भी आईं। संयुक्त किसान मोर्चा इस बेरहम कार्रवाई की निंदा करता है।

किसानों के साथ गंभीर गाली गलौज भी की गयी है। यह भाजपा व जजपा की बौखलाहट की झलक है। विधायक ने किसानों पर इल्जाम लगाते हुए कहा कि किसानों ने विधायक की गाड़ी पर हमला किया, परंतु यह बिल्कुल झूठा आरोप है। संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के किसानों से अपील करता है कि शांतमयी रहते हुए विधायक के इस बर्ताव का कड़ा विरोध किया जाए। साथ ही हरियाणा के समस्त भाजपा व जजपा नेताओं को चेतावनी देते हैं कि वे किसानों को न उकसाएं वरना नेताओं को बुरे परिणाम झेलने पड़ सकते हैं। इस घटना के तुरंत बाद किसानों ने विरोधस्वरूप हिसार चंडीगढ़ हाइवे भी जाम किया।

दिल्ली की सीमाओं पर बारिश और तूफान के कारण भारी नुकसान हुआ है। सिंघू व टिकरी बॉर्डर पर मुख्य मंच सहित किसानों के बड़ी संख्या में टेंट क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह वह समय है जब भाजपा उत्तर प्रदेश चुनाव की अपनी रणनीति में व्यस्त है। केंद्र सरकार ने किसानों के मुद्दों को दरकिनार करते हुए चुनावी मुद्दों को ज्यादा जरूरी समझा है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान अभी भी दिल्ली की सीमाओं पर लगातार आ रहे हैं। आज सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के मालवा क्षेत्र से किसानों के किसानों के जत्थे पहुंचे, हालांकि किसान इस मौसम में भी मजबूत रहने की कोशिश कर रहे हैं। हम साथ ही समाज कल्याण संगठनों और किसान आंदोलन के समर्थकों से अपील करते हैं कि वे धरनास्थल पर हर संभव मदद करें।

किसान आंदोलन के 6 महीने होने पर एक तरफ जहां दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का लगातार आना जारी है, वही देश-दुनिया के कई हिस्सों में किसानों और किसान समर्थकों ने सक्रियता दिखानी शुरू की है। जिन जगहों पर कोविड लॉकडाउन नहीं है वहां पर किसानों ने शारीरिक रूप से उपस्थिति दर्ज कर हड़ताल की है। वहीं कई संगठनों ने ऑनलाइन वेबि‍नार, सेमिनार और अन्य प्लेटफार्म पर किसान आंदोलन के समर्थन में कार्यक्रम किए हैं।

जारीकर्ता:

बलवीर सिंह राजेवाल, डॉ. दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढूनी, हनन मुल्‍ला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उग्राहां, युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादव, अभिमन्यु कोहाड़

(संयुक्त किसान मोर्चा)


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *