गौतम नवलखा का चश्‍मा: बंबई HC ने कहा- इंसानियत से बड़ी चीज़ कुछ भी नहीं है!


भीमा कोरेगांव केस के सिलसिले में मुंबई की तलोजा जेल में बंद वरिष्‍ठ पत्रकार गौतम नवलखा को उनके परिवार की ओर से भेजा गया चश्‍मा जेल अधिकारियों द्वारा न दिए जाने पर बंबई उच्‍च न्‍यायालय ने कड़ा रुख़ अपनाते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि अब जेल अधिकारियों को मानवता सिखाने के लिए कार्यशाला चलानी पड़ेगी।

गौतम का चश्‍मा जेल में 27 नवंबर को चोरी हो गया था। उसके बाद तीन दिन तक उन्‍हें अपने परिवार फोन नहीं करने दिया गया। उनकी पत्‍नी ने बाद में जब चश्‍मा डाक से भेजा, तो जेल अधिकारियों ने उसे लेने से इनकार कर दिया। इसी घटना पर टिप्पणी करते हुए कोर्ट ने कहा, ‘’मानवता सबसे बड़ी चीज़ है।‘’

कोर्ट मंगलवार को भीमा कोरेगांव के दो अन्‍य आरोपियों सागर गोरखे और रमेश गायचोर की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। जस्टिस एसएस शिंदे और जस्टिस एमएस कार्णिक ने गौतम के केस पर टिप्‍पणी की, ‘’मानवता सबसे ज़रूरी चीज़ है, बाकी सब उसके बाद आता है। आज हमें नवलखा के चश्‍मे का मामला पता चला। लगता है अब जेल के अधिकरि‍यों के लिए कार्यशाला चलानी पड़ेगी।‘’

गौतम की पत्‍नी ने उन्‍हें 3 दिसंबर को स्‍पीडपोस्‍ट से चश्‍मा भेजा था जो 5 दिसंबर को जेल पहुंचा लेकिन जेल अधिकारियों ने उसे लेने से मना कर दिया। इसी का संदर्भ लेते हुए जस्टिस शिंदे ने पूछा, ‘’इन छोटी छोटी चीजों के लिए आप कैसे मना कर सकते हैं? ये सब तो इंसानियत के दायरे में आता है।‘’ इससे पहले इसी मामले में जेल में बंद फादर स्‍टेन स्‍वामी को सिपर और स्‍ट्रॉ के लिए मना किया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर अच्‍छा खासा अभियान चला था।


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →