काशी: पुस्तक परिचर्चा के दौरान शहर की बहुलतावादी संस्कृति पर सघन बहस


काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के निवर्तमान चेयरमैन एवं प्रख्यात ज्योतिषाचार्य प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहा कि काशी की पावन भूमि पर जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर समाप्त हो जाता है और मरण को भी मंगल माना जाता है क्योंकि यह केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक ऐसी आध्यात्मिक सत्ता है जो भौतिक धरातल से ऊपर उठकर आत्मिक चेतना का अनुभव कराती है।

प्रो. पांडेय मड़ौली स्थित मेहता आर्ट गैलरी में आयोजित ‘कोरस-2026’ के तहत डॉ. लेनिन रघुवंशी, चंद्र मिश्रा और श्रुति नागवंशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘काशी’ पर परिचर्चा के दौरान बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ चित्रकार अमित कुमार के संयोजन में किया गया।

उन्होंने कहा कि काशी में आने वाला व्यक्ति भोग-विलास के लिए नहीं, बल्कि मुक्ति की तलाश में आता है। गंगा घाटों पर बनी कोठियां और आश्रम भी इसी उद्देश्य से निर्मित हैं, जहां लोग अपने जीवन के अंतिम समय में रहकर गंगा स्नान, बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन और साधना के माध्यम से मोक्ष प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। मान्यता है कि काशी में देह त्यागने वाला व्यक्ति जन्म-मरण के चक्र से मुक्त हो जाता है।



‘काशी’ का उल्लेख करते हुए प्रो. पांडेय ने कहा कि यह पुस्तक गहन साधना और अध्ययन का परिणाम है। इसमें काशी को व्यापक और उदार दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है, जो पाठकों को इस नगरी की आध्यात्मिक गहराई से परिचित कराती है। उन्होंने कहा कि अज्ञात को जानना ही वास्तविक साधना है और काशी इस साधना का सर्वोत्तम केंद्र है।

वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ भट्टाचार्य ने कहा कि यह शहर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि विभिन्न धर्मों और परंपराओं का अद्वितीय संगम भी है। यह एक ऐसा शहर है जहां विभिन्न विचारधाराएं और आस्थाएं बिना टकराव के सह-अस्तित्व में रहती हैं। वर्तमान समय में वाराणसी में करीब 26 धर्मों के अस्तित्व के संकेत मिलते हैं, जिनके अनुयायियों की संख्या विश्व स्तर पर एक करोड़ से अधिक है।

राजनीतिक संदर्भों से दूरी बनाते हुए अमिताभ भट्टाचार्य ने कहा कि काशी किसी एक व्यक्ति या विचारधारा की नहीं, बल्कि सभी की है और अपनी मौलिकता के साथ सदैव बनी रहेगी। गंगा नदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उसकी धारा भी पारंपरिक दिशा से हटकर बहती है, जो आत्मनिर्भरता और अलग सोच का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘काशी’ पुस्तक की तरह आने वाले वर्षों में इस विषय पर और गहन अध्ययन सामने आएंगे।

काशी की सामाजिक, धार्मिक और ऐतिहासिक जटिलताओं को रेखांकित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार अजय राय ने कहा कि बनारस को केवल एक शहर के रूप में देखना उसकी आत्मा को सीमित करना है। काशी एक जीवंत ‘विचार’ है, जिसे समय, समाज और परंपराओं के संदर्भ में समझना आवश्यक है। काशी की समावेशी छवि पर सवाल उठाते हुए उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ दिया कि वर्ष 1957 से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में दलितों के प्रवेश को लेकर पाबंदियां थीं। यह मान लेना कि काशी हमेशा से पूरी तरह समरस और समानतापूर्ण रही है, इतिहास की जटिलताओं को नजरअंदाज करना होगा।



उन्होंने स्कंद पुराण का हवाला देते हुए कहा कि काशी में मोक्ष की अवधारणा भी सरल नहीं है। उनके अनुसार केवल काशी में मृत्यु हो जाना मोक्ष की गारंटी नहीं है, बल्कि जीवन की साधना और आचरण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। आज काशी में ‘मोक्ष’ की अवधारणा को सतही रूप में देखा जा रहा है और श्मशानों के सुंदरीकरण पर जोर दिया जा रहा है, जो काशी की मूल आध्यात्मिक भावना के अनुरूप नहीं है। काशी का वातावरण समय के साथ बदलता रहा है और इसे समझने के लिए गहराई से अध्ययन और निरंतर लेखन की आवश्यकता है। पुस्तक के लेखकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बनारस की वास्तविक तस्वीर को सामने लाने के लिए और अधिक शोध व विमर्श होना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार कुमार विजय ने कहा कि बनारस को केवल एक शहर के रूप में देखना उसकी आत्मा को सीमित करना है। केवल यहां मृत्यु हो जाना पर्याप्त नहीं, बल्कि जीवन का आचरण और साधना भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। इतिहासकार डॉ. मोहम्मद आरिफ ने काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक बहुलता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग़ालिब ने भी काशी की सांस्कृतिक समृद्धि और बौद्धिक वातावरण की सराहना की थी। कबीर और तुलसीदास की रचनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काशी ने सदैव मानवीय मूल्यों और प्रेम की भावना को केंद्र में रखा। पुस्तक भी इसी बहुलतावादी परंपरा की ओर संकेत करती है और शोधार्थियों को नए दृष्टिकोण से इस शहर को समझने का अवसर प्रदान करती है।

कार्यक्रम का संचालन पुस्‍तक के लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. लेनिन रघुवंशी ने किया। वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चित्रकार अमित कुमार की सार्थक पहल की सराहना की गई और उन्हें सम्मानित किया गया। परिचर्चा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सी.बी. तिवारी ‘राजकुमार’, राहुल यादव, एक्टिविस्ट इदरीस अंसारी, पंकजपति पाठक, मंगला प्रसाद राजभर, डॉ. शम्मी कुमार सिंह, विकास दुबे, चंद्र मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →