किसान आंदोलन के समर्थन गाजीपुर बॉर्डर पहुंची उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, चलाएगी अभियान


कृषि सुधार के नाम पर लाए गए तीन काले कानूनों को लेकर देश भर में चल रहे आंदोलन के बीच उत्तराखंड के जन आंदोलन की ओर से प्रखर राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी, काशीपुर से किसान नेता अवतार सिंह, चिपको, नशा नहीं रोज़गार दो और नानीसार जैसे जन आंदोलन के नेतृत्वकारी और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पी. सी. तिवारी ने गाज़ीपुर बॉर्डर पर पिछले ढाई माह से बैठे किसानों, किसान नेताओं से मुलाक़ात कर उन्हें उत्तराखंड का जल भेंट कर आंदोलन से अपनी एकजुटता ज़ाहिर की।

गाज़ीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन के मंच पर आंदोलन के प्रखर चर्चित नेता राकेश टिकैत एवं उनके साथियों ने उत्तराखंड की पहल का स्वागत किया।

इसके बाद आंदोलन के मंच से उत्तराखंडी नेताओं ने अपने संबोधन में केंद्र की मोदी सरकार पर अंबानी अडानी जैसे पूंजीपतियों के हित में लाए जा रहे इन काले कानूनों का विरोध करते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की और प्रधानमंत्री द्वारा संसद में आंदोलनकारियों को परजीवी कहने की तीव्र भर्त्सना करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री की भाषा उनकी घटिया सोच व तंग ख़याली बौखलाहट का प्रतीक है जिससे प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम हुई है।

तिवारी एवं प्रभात ध्यानी ने कहा कि किसान आंदोलन के दमन की साज़िश बर्दाश्त नहीं होंगी। उन्होंने तीनों काले कृषि कानून वापस लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी लेने की मांग की।


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →