फूलपुर गैस लीक में मृत अधिकारियों को श्रमिकों की श्रद्धांजलि, माले ने मुआवजे को बताया मज़ाक


फूलपुर (प्रयागराज) इफ्को फैक्टरी में एक्टू से सम्बद्ध ठेका मजदूर यूनियन ने बुधवार शाम को शोक सभा आयोजित की, जिसमें मजदूरों ने मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाकपा (माले) की राज्य इकाई ने प्रयागराज के फूलपुर इफ्को खाद फैक्टरी में मंगलवार देर रात हुई अमोनिया गैस रिसाव से दो अधिकारियों की मौत पर शोक-संवेदना जताते हुए सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता प्रकट की है।

पार्टी ने कहा है कि फैक्टरी में जानलेवा गैस रिसाव की घटनाएं बार-बार हो रही हैं मगर सरकार को अब भी दुर्घटना के तबाही बनने का इंतजार है।

राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा:

सरकार व प्रबंधन की लापरवाही से हुए गैस रिसाव को विकराल होने से रोकने के दौरान दम घुटने से दो अधिकारी शहीद और करीब डेढ़ दर्जन कर्मचारी प्रभावित हुए। यदि रिसाव पर काबू न पाया गया होता, तो नजारा कुछ-कुछ भोपाल गैस कांड जैसा हो सकता था।

सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन और ऐसे नाजुक मौकों पर उपयोग में लाये जाने वाले उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई होती, तो ये जानें बचाई जा सकती थीं। माले नेता ने गैस रिसाव रोकने में जान गंवाने वाले अधिकारियों के परिवार को योगी सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि (चार-चार लाख रु.) को हास्यास्पद बताया।

उन्होंने इन परिवारों को पर्याप्त मुआवजा राशि देने के अलावा इनके एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, गैस रिसाव के घायलों को भी आर्थिक सहायता देने, घटना की जवाबदेही तय कर दोषियों को कड़ी सजा देने और पुनरावृत्ति रोकने के लिए उच्च संरक्षा मानकों को अपनाने की मांग की।


द्वारा: राज्य कार्यालय सचिव, CPI(ML)


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →