वर्कर्स फ्रंट ने कहा- बदायूं कांड के लिए योगी सरकार दोषी, राज्यपाल को लिखा पत्र


लखनऊ 11 जनवरी। बदायूंं जनपद में आंंगनबाड़ी सहायिका के साथ गैंगरेप और उसकी वीभत्स हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए वर्कर्स फ्रंट ने प्रदेश में बढ़ रही महिलाओं पर हिंसा की घटनाओं के लिए सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों को बंद करने की कार्यवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

इस सम्बंध में वर्कर्स फ्रंट के अध्यक्ष दिनकर कपूर द्वारा राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा गया है:

बदायूंं की वीभत्स घटना हो या हाथरस का गैंगरेप हर जगह योगी सरकार की पुलिस और प्रशासन हमलावरों के पक्ष में खड़ा दिखता है। यहां तक कि पीड़िता की ही चरित्र हत्या करने में लगा रहता है। हाथरस के ही मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हुई सीबीआई जांच से ही सच सामने आ सका।

दरअसल महिलाओं के लिए चलाई जा रही कई योजनाओं को सरकार ने बंद करके महिलाओं की जान संकट में डाल दी है। निर्भया कांड के बाद महिला सुरक्षा के लिए बनी जस्टिस वर्मा कमेटी की संस्तुतियों के आधार पर पूरे देश में शुरू की गई ‘181 वूमेन हेल्पलाइन’ को योगी सरकार ने बंद कर पुलिस की सामान्य हेल्पलाइन 112 में समाहित कर दिया।

इसी प्रकार प्रदेश के 19 जनपदों में पिछले 31 वर्षो से संचालित महिला समाख्या कार्यक्रम को भी सरकार ने बंद कर दिया। जबकि इन दोनों ही कार्यक्रमों को महिलाओं के द्वारा ही संचालित किया जाता था इस नाते यह पीडित महिलाओं के लिए सहज थे और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा व स्वावलम्बंन के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहे थे। वहीं सरकार महिलाओं के लिए मिशन शक्ति अभियान के नाम पर करोड़ो रूपया प्रचार में बहा रही है।

ऐसी स्थिति में प्रदेश कि संवैधानिक प्रमुख और महिला होने के नाते राज्यपाल से 181 वूमेन हेल्पलाइन और महिला समाख्या जैसी महिलाओं के लिए हितकारी कार्यक्रमों को पूरी क्षमता से चलाने और महिला हिंसा की घटनाओं के लिए डीएम और एसपी को जबाबदेह बनाने व ऐसी घटनाएं होने पर उन्हें दंडित करने की मांग की गई।


यूपी वर्कर्स फ्रंट द्वारा जारी


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →