किसान आंदोलन: नये कृषि कानून की पहली बरसी पर 5 जून को ‘सम्पूर्ण क्रांति दिवस’ मनाने का ऐलान


संयुक्त किसान मोर्चा प्रेस नोट
184 वां दिन, 29 मई 2021

संयुक्त किसान मोर्चा की कल हुई आम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाली 5 जून को ‘संपूर्ण क्रांति दिवस” मनाया जाएगा. इसी दिन खेती कानूनों के ऑर्डिनेंस के रूप में घोषित हुए एक साल हो रहा है वहीं 5 जून 1974 को जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का नारा देते हुए देश में जन आंदोलन खड़ा किया था। संयुक्त किसान मोर्चा सभी देशवासियों से आह्वान करता है कि वे किसान आंदोलन में समर्थन को जारी रखें व इस दिन भाजपा के सभी सांसद, विधायक और प्रतिनिधि के दफ्तर के बाहर कृषि कानूनों की कॉपी जलाकर संपूर्ण क्रांति में अपनी भूमिका निभाएं।

समय-समय पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान का देशवासियों ने भरपूर समर्थन किया है। सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर सभी देशवासियों से आग्रह है कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ सम्पूर्ण क्रांति का संकल्प लें और इसे जनांदोलन बनाते हुए सरकार को मजबूर करें कि वह कानून वापस रद्द करें।

आज पूर्व प्रधानमंत्री किसान नेता चौधरी चरण सिंह जी की पुण्यतिथि है। संयुक्त किसान मोर्चा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है एवं खेती, किसान और गांव के विकास में उनके योगदान को सलाम करता है। चौधरी चरण सिंह असल मायनों में देश को आत्मनिर्भर बनाना चाहते थे जिसमें किसान, मजदूर व गांव के लोग खुशहाल रह सके। किसानों का इस सरकार पर अविश्वास किसानों को चौधरी चरण सिंह की याद दिलाता है जो किसानों के हर दुख-दर्द को ईमानदारी से समाज व सरकार के सामने रखते थे व उसका समाधान निकालते थे। आज केंद्र की मोदी सरकार कॉर्पोरेट्स पक्षीय सिद्ध हो रही है जहां वो किसानों मजदूरों की बात नहीं सुनती। आज किसान नेताओं ने दिल्ली में किसान घाट पहुंच चौधरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

आज पंजाब के दोआबा क्षेत्र से किसानों का एक बड़ा जत्था सिंघु बॉर्डर पहुंचा। दोआबा क्षेत्र के किसानों ने इस आंदोलन में अहम योगदान निभाया है। आज नए जत्थे में किसान सिंघू बॉर्डर पहुंचे और मोर्चा संभाला। इसी तरह अब रोजाना किसानों का आना जारी रहेगा और दिनोंदिन मोर्चा मजबूत होगा।


जारीकर्ता: बलवीर सिंह राजेवाल, डॉ. दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढूनी, हनन मौला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उग्राहां, युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादव, अभिमन्यु कोहाड़
सयुंक्त किसान मोर्चा


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →