चित्रकूट : मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर कफ़न ओढ़ कर सत्याग्रह पर बैठे लोग


उत्तर प्रदेश की धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी चित्रकूट की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और एक मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर युवाओं का एक समूह जिला मुख्यालय कर्वी के एलआइसी चौक स्थित शहीद स्मारक के सामने ‘कफ़न सत्याग्रह’ कर रहा है।

यह अनिश्चितकालीन अनशन 1 फरवरी को शुरू हुआ, जब धरनास्थल पर कुछ युवक कफ़न ओढ़ कर लेट गए। उनके आसपास बैठे बाकी लोग भी सफेद कफ़न ओढ़ कर बैठे हैं।



कफ़न ओढ़ कर धरने पर बैठे एक युवा कुंवर भूपेंद्र सिंह पटेल ने बताया, “आज सभी युवा साथी चित्रकूट की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और मेडिकल कॉलेज की मांग लेकर यहाँ कफ़न सत्याग्रह पर बैठे हैं। यहां चित्रकूट की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी बदहाल है कि वह एक तरह से वेंटिलेटर पर है। यहां अगर अस्पताल कोई व्यक्ति सीरियस हालत में जाता है तो उसे इलाज नहीं मिलता है, उसे शासन-प्रशासन की तरफ से सिर्फ और सिर्फ कफ़न मिलता है।”

सत्याग्रह पर बैठे युवाओं ने अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों को लेकर पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान दे वरना यह सत्याग्रह यूं ही चलता रहेगा।



क्या आप लोगों को किसी राजनैतिक दल का समर्थन प्राप्त हैं या आप लोग किसी दल से सम्बंधित हैं? इस सवाल के जवाब में पटेल ने बताया कि वे किसी राजनैतिक दल से जुड़े हुए नहीं हैं, ‘’हम कुछ युवाओं ने मिलकर चित्रकूट की जनता की तकलीफों को ध्यान में रख कर यह निर्णय लिया है। स्वास्थ्य सबका विषय है, किसी एक का नहीं है। गरीब जनता महंगे निजी अस्पताल में अपना इलाज नहीं करवा सकती। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा करना सरकार का दायित्व है।‘’  



About नित्यानंद गायेन

View all posts by नित्यानंद गायेन →