ग्रेटा थुनबर्ग ‘टूलकिट’ केस में बंगलुरु से जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ़्तारी


दिल्‍ली पुलिस ने शनिवार रात बंगलुरु से किसान आंदोलन की समर्थक एक जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। दिशा रवि फ्राइडेज़ फॉर फ्यूचर नाम के जलवायु परिवर्तन सम्‍बंधी अभियान की सह-संस्‍थापक हैं। उन्‍हें बंगलुरु से शनिवार शाम फ्लाइट से दिल्‍ली लाया गया। आज उन्‍हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्‍हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मामला किसान आंदोलन के दौरान जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थुनबर्ग द्वारा ट्विटर पर डाले गए एक वर्ड फाइल का था जिसे ‘टूलकिट’ के नाम से प्रचारित किया गया है। इस फाइल में किसान आंदोलन के समर्थन में चलाये जाने वाले अभियानों का विवरण था। ग्रेटा ने इस ‘टूलकिट’ को बाद में डिलीट कर दिया था।

बेहतर जलवायु की मांग को लेकर आज दुनिया भर के स्कूली बच्चे हड़ताल पर हैं!

दिशा पर आरोप है कि उन्‍होंने ही यह टूलकिट ग्रेटा को भेजा था और उन्‍हीं के कहने पर ग्रेटा ने उसे डिलीट किया था। पुलिस इस ‘टूलकिट’ को देश को बदनाम करने वाले अंतरराष्‍ट्रीय षडयंत्र के रूप में देख रही है, जिसे खालिस्‍तानी समूहों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया।

दिशा का कहना है कि उन्‍होंने केवल किसान आंदोलन का समर्थन किया था और वे किसी भी खालिस्‍तानी समूह को नहीं जानती हैं। उन्‍होंने माना है कि ‘’टूलकिट’’ में उन्‍होंने दो बार संपादन किया था लेकिन उसे बनाया नहीं था।

दिल्‍ली पुलिस ने इस सम्‍बंध में सिलसिलेवार ट्वीट कर के कुछ जानकारी दी है।

‘टूलकिट’ सामने आने के बाद दिल्‍ली पुलिस ने 4 फरवरी को एक एफआइआर दर्ज की थी। दिशा की गिरफ्तारी उसी के सिलसिले में की गयी है। ख़बर आयी थी कि एफआइआर में ग्रेटा थुनबर्ग का भी नाम है लेकिन बाद में इसका खंडन आ गया था।     


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →