दो दलित किशोरियों की मौत की घटना की पड़ताल करने माले की टीम जाएगी उन्नाव


लखनऊ, 18 फरवरी। भाकपा (माले) की राज्य इकाई ने उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र के एक खेत में बुधवार देर शाम किशोर वय की तीन दलित लड़कियों के बंधे होने और उनमें से दो के मृत अवस्था में मिलने पर गहरी चिंता प्रकट की है। पार्टी ने कानपुर के अस्पताल में भर्ती तीसरी लड़की की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली के ऐम्स में भर्ती कराने की मांग की है। साथ ही, पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की पीड़ित परिवार की मांग का समर्थन किया है।

भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि घटना की जांच और पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पार्टी की ओर से एक टीम उन्नाव भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। दलित और महिलाएं सर्वाधिक असुरक्षित हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का भाजपा का नारा ढकोसला है। केंद्र की भाजपा सरकार फर्जी मुकदमे लगाकर दिशा रवि सहित बेटियों को जेलों में ठूंस रही है, वहीं योगी सरकार बेटियों की रक्षा नहीं कर पा रही है। यूपी पुलिस पहले से ही महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता का परिचय देती रही है। हाथरस कांड में तो सच्चाई झुठलाने के लिए पुलिस ने क्या नहीं किया! दलितों की सुनवाई भी थानों में कहा होती है! रेप की सर्वाधिक घटनाएं दलित महिलाओं के ही साथ होती हैं। 

उन्होंने कहा कि योगी सरकार तो दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों पर अत्याचार व दबंगई करने वालों को संरक्षण देने, हिरासत में मौतों और फर्जी मुठभेड़ों के लिए कुख्यात है। ऐसे में उन्नाव की ताजा घटना में सच्चाई को सामने लाने, दो लड़कियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में मीले जहर के स्रोत का पता लगाने और दोषियों को कड़ी-से-कड़ी सजा दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। इसके पहले, बेहोशी की हालत से गुजर रही तीसरी लड़की की जान बचाने की हर संभव कोशिश की जानी चाहिए क्योंकि घटना की वह एक चश्मदीद गवाह भी है।

माले नेता ने कहा कि मीडिया से मिल रही खबरों के मुताबिक पीड़िताओं के परिवार को पुलिस ने उनके घरों से उठा लिया है और उन्हें किसी से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है। अगर यह सच है, तो उन्हें फौरन छोड़ा जाना चाहिए। पूछताछ के नाम पर उनका किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उनके गांव (पंचायत पाठकपुर के मजरहे बबुरहा) की ‘हाथरस’ जैसी पुलिस नाकेबंदी क्यों की गई है? परिवार को मीडिया और जनप्रतिनिधियों से मिलने की इजाजत मिलनी चाहिए। 

अरुण कुमार
राज्य कार्यालय सचिव


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →