तारीख पर तारीख: किसान-सरकार वार्ता वहीं की वहीं, दो दिन बाद फिर मिलेंगे


लगातार सात घंटे तक चली किसान संगठनों के नुमाइंदों और कृषि मंत्री की वार्ता आज भी बेनतीजा समाप्‍त हो गयी और अगली तारीख दे दी गयी। दोनों पक्ष अब परसों यानी 5 दिसम्‍बर को फिर बैठेंगे। उस दिन किसान संगठनों ने देश भर में कृषि कानूनों का पुतला फूंकने का आह्वान किया है।

बैठक के दौरान आज सबसे दिलचस्‍प घटनाक्रम ये रहा कि किसान नेताओं ने सरकारी भोजन लेने से इनकार कर दिया और विज्ञान भवन में फर्श पर बैठकर अपने धरनास्‍थल से लाया भोजन खाया। तस्‍वीर में हरियाणा के किसान नेता भारतीय किसान यूनियन के गुरनाम सिंह चढ़ूनी को देख जा सकता है।

इस बार भी बैठक में वही 35 नेता शामिल हुए जो 1 दिसंबर की वार्ता में मौजूद थे। बुधवार की शाम संयुक्‍त किसान मोर्चा की ओर से जारी एक पत्र में सरकार से कहा गया था कि वह किसान संगठनों को वार्ता के लिए अपने नुमाइंदे चुनने की छूट दे। देर शाम सिंघू बॉर्डर पर हुई प्रेस कान्‍फ्रेंस में योगेंद्र यादव की मौजूदगी से इस बात की संभावना प्रबल थी कि आज की बैठक में वे भी शामिल होंगे।

सूचना है कि सरकार ने किसानों की कुछ मांगों पर विचार करने की बात कही है, हालांकि कुछ भी नतीजे के तौर पर अभी नहीं निकला है।

इस बीच टीकरी बॉर्डर से सूचना है कि वहां रैपिड ऐक्‍शन फोर्स के वाहन देखे गये हैं। टीकरी बॉर्डर पर शाम को जींद जिले से आए किसानों ने जमकर नारेबाज़ी की है। खाप पंचायतों के लोगों के वहां पहुंचने से हलचल बढ़ी है।


About जनपथ

जनपथ हिंदी जगत के शुरुआती ब्लॉगों में है जिसे 2006 में शुरू किया गया था। शुरुआत में निजी ब्लॉग के रूप में इसकी शक्ल थी, जिसे बाद में चुनिंदा लेखों, ख़बरों, संस्मरणों और साक्षात्कारों तक विस्तृत किया गया। अपने दस साल इस ब्लॉग ने 2016 में पूरे किए, लेकिन संयोग से कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते इसके डोमेन का नवीनीकरण नहीं हो सका। जनपथ को मौजूदा पता दोबारा 2019 में मिला, जिसके बाद कुछ समानधर्मा लेखकों और पत्रकारों के सुझाव से इसे एक वेबसाइट में तब्दील करने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके पीछे सोच वही रही जो बरसों पहले ब्लॉग शुरू करते वक्त थी, कि स्वतंत्र रूप से लिखने वालों के लिए अखबारों में स्पेस कम हो रही है। ऐसी सूरत में जनपथ की कोशिश है कि वैचारिक टिप्पणियों, संस्मरणों, विश्लेषणों, अनूदित लेखों और साक्षात्कारों के माध्यम से एक दबावमुक्त सामुदायिक मंच का निर्माण किया जाए जहां किसी के छपने पर, कुछ भी छपने पर, पाबंदी न हो। शर्त बस एक हैः जो भी छपे, वह जन-हित में हो। व्यापक जन-सरोकारों से प्रेरित हो। व्यावसायिक लालसा से मुक्त हो क्योंकि जनपथ विशुद्ध अव्यावसायिक मंच है और कहीं किसी भी रूप में किसी संस्थान के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

View all posts by जनपथ →