प्रेमचंद की स्मृति में: कहानी क्या होती है?


हिन्दी के लेखकों में प्रेमचंद पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने अपने लेखों में कहानी के सम्बंध में अपने विचार व्यक्त किए हैं। प्रेमचन्द ने कहानी की परिभाषा इस प्रकार से दी हैः

कहानी वह ध्रुपद की तान है, जिसमें गायक महफिल शुरू होते ही अपनी संपूर्ण प्रतिभा दिखा देता है, एक क्षण में चित्त को इतने माधुर्य से परिपूर्ण कर देता है जितना रात भर गाना सुनने से भी नहीं हो सकता। कहानी (गल्प) एक रचना है जिसमें जीवन के किसी एक अंग यानि एक मनोभाव को प्रदर्शित करना ही लेखक का उद्देश्य रहता है। उसके चरित्र, उसकी शैली, उसका कथा-विन्यास, सब उसी एक भाव को पुष्ट करते हैं। उपन्यास की भाँति उसमें मानव-जीवन का संपूर्ण तथा बृहत रूप दिखाने का प्रयास नहीं किया जाता। वह ऐसा रमणीय उद्यान नहीं जिसमें भाँति-भाँति के फूल, बेल-बूटे सजे हुए हैं, बल्कि एक गमला है जिसमें एक ही पौधे का माधुर्य अपने समुन्नत रूप में दृष्टिगोचर होता है।

अमेरिका के कवि-आलोचक-कथाकार एडगर एलेन पो के अनुसार कहानी की परिभाषा इस प्रकार हैः “कहानी वह छोटी आख्यानात्मक रचना है जिसे एक बैठक में पढ़ा जा सके, जो पाठक पर एक समन्वित प्रभाव उत्पन्न करने के लिए लिखी गयी हो, जिसमें उस प्रभाव को उत्पन्न करने में सहायक तत्वों के अतिरिक्‍त और कुछ न हो और जो अपने आप में पूर्ण हो।”

कहानी की और भी परिभाषाएँ उद्धृत की जा सकती हैं पर किसी भी साहित्यिक विधा को वैज्ञानिक परिभाषा में नहीं बाँधा जा सकता क्योंकि साहित्य में विज्ञान की सुनिश्चितता नहीं होती। इसलिए उसकी जो भी परिभाषा दी जाएगी वह अधूरी होगी।

रोचकता, प्रभाव तथा वक्‍ता एवं श्रोता या कहानीकार एवं पाठक के बीच यथोचित सम्बद्धता बनाये रखने के लिये सभी प्रकार की कहानियों में निम्नलिखित तत्व महत्वपूर्ण माने गए हैं: कथावस्तु, पात्र अथवा चरित्र-चित्रण, कथोपकथन अथवा संवाद, देशकाल अथवा वातावरण, भाषा-शैली तथा उद्देश्य। कहानी के ढाँचे को कथानक अथवा कथावस्तु कहा जाता है। प्रत्येक कहानी के लिए कथावस्तु का होना अनिवार्य है क्योंकि इसके अभाव में कहानी की रचना की कल्पना भी नहीं की जा सकती। कथानक के चार अंग माने जाते हैं- आरम्भ, आरोह, चरम स्थिति एवं अवरोह। कहानी का संचालन उसके पात्रों के द्वारा ही होता है तथा पात्रों के गुण-दोष को उनका ‘चरित्र चित्रण’ कहा जाता है। चरित्र चित्रण से विभिन्न चरित्रों में स्वाभाविकता उत्पन्न की जाती है। संवाद कहानी का प्रमुख अंग होते हैं। इनके द्वारा पात्रों के मानसिक अन्तर्द्वन्द एवं अन्य मनोभावों को प्रकट किया जाता है। कहानी में वास्तविकता का पुट देने के लिए देशकाल अथवा वातावरण का प्रयोग किया जाता है। प्रस्तुतीकरण के ढंग में कलात्मकता लाने के लिए उसको अलग-अलग भाषा व शैली से सजाया जाता है। कहानी में केवल मनोरंजन ही नहीं होता, अपितु उसका एक निश्‍चित उद्‍देश्य भी होता है।

कहानी, हिन्दी में गद्य लेखन की एक विधा है। उन्नीसवीं सदी में गद्य में एक नयी विधा का विकास हुआ जिसे कहानी के नाम से जाना गया। बांग्‍ला में इसे गल्प कहा जाता है। कहानी ने अंग्रेजी से हिंदी तक की यात्रा बांग्‍ला के माध्यम से की। मनुष्य के जन्म के साथ ही साथ कहानी का भी जन्म हुआ और कहानी कहना तथा सुनना मानव का आदिम स्वभाव बन गया। इसी कारण से प्रत्येक सभ्य तथा असभ्य समाज में कहानियाँ पायी जाती हैं। हमारे देश में कहानियों की बड़ी लंबी और सम्पन्न परंपरा रही है।

प्राचीनकाल में सदियों तक प्रचलित वीरों तथा राजाओं के शौर्य, प्रेम, न्याय, ज्ञान, वैराग्य, साहस, समुद्री यात्रा, अगम्य पर्वतीय प्रदेशों में प्राणियों का अस्तित्व आदि की कथाएँ, जिनकी कथानक घटना प्रधान हुआ करती थीं, भी कहानी के ही रूप हैं। ‘गुणढ्य’ की “वृहत्कथा” को, जिसमें ‘उदयन’, ‘वासवदत्ता’, समुद्री व्यापारियों, राजकुमार तथा राजकुमारियों के पराक्रम की घटना प्रधान कथाओं का बाहुल्य है, प्राचीनतम रचना कहा जा सकता है। वृहत्कथा का प्रभाव दण्डी के “दशकुमार चरित”, बाणभट्ट की “कादम्बरी”, सुबन्धु की “वासवदत्त”, धनपाल की “तिलकमंजरी”, सोमदेव के “यशस्तिलक” तथा “मालतीमाधव”, “अभिज्ञान शाकुन्तलम्”, “मालविकाग्निमित्र”, “विक्रमोर्वशीय”, “रत्नावली”, “मृच्छकटिकम्” जैसे अन्य काव्यग्रंथों पर साफ-साफ परिलक्षित होता है।

इसके पश्‍चात् छोटे आकार वाली “पंचतंत्र”, “हितोपदेश”, “बेताल पच्चीसी”, “सिंहासन बत्तीसी”, “शुक सप्तति”, “कथा सरित्सागर”, “भोजप्रबन्ध” जैसी साहित्यिक एवं कलात्मक कहानियों का युग आया। इन कहानियों से श्रोताओं को मनोरंजन के साथ ही साथ नीति का उपदेश भी प्राप्त होता है। प्रायः कहानियों में असत्य पर सत्य की, अन्याय पर न्याय की और अधर्म पर धर्म की विजय दिखायी गयी है।

1910 से 1960 के बीच हिन्दी कहानी का विकास जितनी गति के साथ हुआ उतनी गति किसी अन्य साहित्यिक विधा के विकास में नहीं देखी जाती। सन 1900 से 1915 तक हिन्दी कहानी के विकास का पहला दौर था। मन की चंचलता (माधवप्रसाद मिश्र) 1900, गुलबहार (किशोरीलाल गोस्वामी) 1902, पंडित और पंडितानी (गिरिजादत्त वाजपेयी) 1903, ग्यारह वर्ष का समय (रामचंद्र शुक्ल) 1903, दुलाईवाली (बंगमहिला) 1907, विद्या बहार (विद्यानाथ शर्मा) 1909, राखीबंद भाई (वृन्दावनलाल वर्मा) 1909, ग्राम (जयशंकर ‘प्रसाद’) 1911, सुखमय जीवन (चंद्रधर शर्मा गुलेरी) 1911, रसिया बालम (जयशंकर प्रसाद) 1912, परदेसी (विश्वम्भरनाथ जिज्जा) 1912, कानों में कंगना (राजाराधिकारमण प्रसाद सिंह) 1913, रक्षाबंधन (विश्वम्भरनाथ शर्मा ‘कौशिक’) 1913, उसने कहा था (चंद्रधर शर्मा गुलेरी) 1915, आदि के प्रकाशन से सिद्ध होता है कि इस प्रारंभिक काल में हिन्दी कहानियों के विकास के सभी चिह्न मिल जाते हैं।

प्रेमचंद के आगमन से हिन्दी का कथा-साहित्य आदर्शोन्मुख यथार्थवाद की ओर मुड़ा और प्रसाद के आगमन से रोमांटिक यथार्थवाद की ओर। चंद्रधर शर्मा ‘गुलेरी’ की कहानी ‘उसने कहा था’ में यह अपनी पूरी रंगीनी में मिलता है। सन 1922 में उग्र का हिन्दी-कथा-साहित्य में प्रवेश हुआ। उग्र न तो प्रसाद की तरह रोमैंटिक थे और न ही प्रेमचंद की भाँति आदर्शोन्मुख यथार्थवादी। वे केवल यथार्थवादी थे – प्रकृति से ही उन्होंने समाज के नंगे यथार्थ को सशक्त भाषा-शैली में उजागर किया। 1927-1928 में जैनेन्द्र ने कहानी लिखना आरंभ किया। उनके आगमन के साथ ही हिन्दी-कहानी का नया उत्थान शुरू हुआ। 1936 में  प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना हो चुकी थी। इस समय के लेखकों की रचनाओं में प्रगतिशीलता के तत्त्व का जो समावेश हुआ उसे युगधर्म समझना चाहिए।

यशपाल राष्ट्रीय संग्राम के एक सक्रिय क्रांतिकारी कार्यकर्ता थे, अतः वह प्रभाव उनकी कहानियों में भी आया। अज्ञेय प्रयोगधर्मा कलाकार थे, उनके आगमन के साथ कहानी नयी दिशा की ओर मुड़ी। जिस आधुनिकता बोध की आज बहुत चर्चा की जाती है उसके प्रथम पुरस्कर्ता अज्ञेय ही ठहरते हैं। अश्क प्रेमचंद परंपरा के कहानीकार हैं। अश्क के अतिरिक्त वृंदावनलाल वर्मा, भगवतीचरण वर्मा, इलाचन्द्र जोशी, अमृतलाल नागर आदि उपन्यासकारों ने भी कहानियों के क्षेत्र में काम किया है किन्तु इनका वास्तविक क्षेत्र उपन्यास है, कहानी नहीं। इसके बाद सन 1950 के आसपास से हिन्दी कहानियाँ नये दौर से गुजरने लगीं। आधुनिकताबोध की कहानियाँ या नयी कहानी नाम दिया गया।

विभिन्न कहानी आंदोलन

प्रेमचंदोत्तर कहानी

इस काल में कहानी का चतुर्दिक विकास हुआ उसे नया रूप रंग प्राप्त हुआ। इस पर पड़े पश्चिमी प्रभाव को चार भागों में बाँटा जा सकता है रूसी, फ्रांसीसी, अमरीकी और अंग्रेजी इस युग के प्रमुख कहानीकार हैं- अज्ञेय, इलाचन्द्र जोशी, उपेन्द्रनाथ अश्क, भगवतीचरण वर्मा, रांगेय राघव, अमृतलाल नागर आदि।

नयी कहानी

‘नयी कहानी’ शब्द का प्रयोग सबसे पहले दिसम्बर 1957 में सम्पन्न साहित्यकार सम्मेलन में किया गया। सन् 1962 में कहानी के परिसंवाद में कहानी के नयेपन पर चर्चा हुई। तभी से यह शब्द प्रचलित हो गया। नयी कहानी के इस दौर के प्रमुख कहानीकारों में मोहन राकेश, कमलेश्वर, राजेन्द्र यादव, निर्मल वर्मा, कृष्णा सोबती, मन्नू भण्डारी, उषा प्रियंवदा, हरिशंकर परसाई, रमेश बक्षी, फणीश्वरनाथ रेणु, शिवानी, मालती जोशी इत्यादि प्रमुख हैं। इसके बाद के कहानीकारों में दूधनाथ सिंह, काशीनाथ सिंह, रवीन्द्र कालिया, ममता कालिया, मैत्रेयी पुष्पा, मृदुला गर्ग, इत्यादि का नाम लिया जाता है।

आंचलिक कहानी

अंचल का अर्थ है जनपद जहाँ किसी क्षेत्र विशेष को केन्द्र बनाकर रचना की जाए, वहाँ के रहन-सहन रीति-रिवाज, व्यवहार, गुण-दोष, वेश-भूषा, सामाजिक जीवन आदि के विस्तृत वर्णन के साथ स्थानीय बोलियों का प्रभाव हो, उस रचना को आंचलिक कहते हैं। इस धारा के प्रमुख रचनाकार हैं- फणीश्वर नाथ रेणु, रांगेय राघव, शिवप्रसाद सिंह, धर्मवीर भारती, शिवप्रसाद मिश्र, शैलेश मटियानी और राजेन्द्र अवस्थी, आदि।

अकहानी

अकहानी के उद्भव के संबंध में डॉ. रामदरश मिश्र ने अपने सुप्रसिद्ध ग्रंथ ‘हिन्दी कहानी- अंतरंग पहचान’ में महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। अकहानी को यदि आंदोलन के रूप में न लें तो हम पाएँगे कि यह कहानी संरचना में नयी कहानी का सहज विकास है। इसके अनुसार नयी कहानी ने सातवें दशक में यही मोड़ लिया था। इस युग के प्रमुख कहानीकार- कृष्ण बलदेव वैद, रमेश बक्षी, गिरिराज किशोर, दूधनाथ सिंह, रवीन्द्र कालिया, श्रीकांत वर्मा और शरद जोशी हैं।

सचेतन कहानी

सन् 1960 तक आते-आते नयी कहानी को सीमाएँ प्रकट होने लगी थीं। निरर्थकता और निष्क्रियता ने इस युग की कहानी को घेर लिया था। इसके प्रमुख कहानीकार धर्मेन्द्र गुप्त, जगदीश चतुर्वेदी, मधुकर सिंह, मनहर चौहान, महीप सिंह, योगेश गुप्त, वेद राही, श्याम परमार तथा हिमांशु जोशी हैं।

समानान्तर कहानी

1970 के आस-पास नयी कहानी कुण्ठित हो चुकी थी। शिल्प का उलझाव और अप्रामाणिक जमीन, दोनों ने कहानी को आम आदमी से अलग कर दिया था। इसी समय समानान्तर कहानी का जन्म हुआ जो आम आदमी की जीवन स्थितियों को शिल्पगत चमत्कार के भँवर से मुक्त कर सकी। यह कहानी राजनैतिक लड़ाइयों को सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य भी देती है और सांस्कृतिक संघर्ष को राजनैतिक दृष्टि भी। समानान्तर कहानी आंदोलन के प्रमुख कहानीकार हैं- हरिशंकर परसाई, कमलेश्वर, भीष्म साहनी, शरद जोशी, आदि।



About शैलेन्द्र चौहान

View all posts by शैलेन्द्र चौहान →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *